रामपुर थाना क्षेत्र के अलीपुर गांव निवासी 20 लोगों से भरी पिकअप रविवार देर रात बलिया जिले के भीमपुरा थाना क्षेत्र के सेमरी के पास पलट गई। हादसे में सभी सवार घायल हो गए।
नजदीक होने के कारण सभी घायलों को फतहपुर मंडाव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने सागर (45), नजीर आलम (21), हार (35) और शकील अहमद (70) को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
अलीपुर गांव के लोग रविवार शाम पिकअप से बलिया जिले के नगरा थाना क्षेत्र के नरही में मुहर्रम का तीजा मनाने गए थे। तीजा मनाकर लौटते समय रविवार रात करीब 2:30 बजे सेमरी के पास चालक को झपकी आ गई, जिससे वह वाहन पर नियंत्रण खो बैठा।
इसके बाद पिकअप सड़क किनारे पुलिया के पास खाई में पलट गई। रात के अंधेरे में चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य शुरू किया।
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतहपुर मंडाव पहुंचाया गया। सीएचसी अधीक्षक राजीव कुमार पांडेय ने बताया कि 18 लोग एंबुलेंस से अस्पताल लाए गए थे।
इनमें से चार की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
ये हुए घायल
हादसे में शकील अहमद (70), आसिफ (14), अतिफ अंसारी (18), शमशाद (23), मुस्ताक (45), इजहार (35), आसिफ (13), शमीम (18), आमिर (10), सागर (45), नजीर आलम (21), नूर आलम (22), शाहिद (15), नायब (11), अमन (17), अतशाम (15), सइब अंसारी (15), आशी (15), सफीकुल (28) और पिंटु (30) घायल हो गए।
-
वर्जन