जनपद में हो रहे अवैध मिट्टी एवं बालू खनन सहित विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान आरोप लगाया कि प्रशासन की मिलीभगत से अवैध मिट्टी एवं बालू खनन का कार्य किया जा रहा है।
ज्ञापन सौंपने वालों में जिला प्रभारी दिग्विजय राय ने कहा कि जनपद के संपर्क मार्ग बदहाल हो गए हैं। कोपागंज-कसारा मार्ग, अमिला-बोझी मार्ग की हालत दयनीय है। कहा कि कई स्थानों पर कार्य भी शुरू है लेकिन जिस गति से कार्य हो रहा है लगता है साल दो साल में भी कार्य पूरा नहीं हो पाएगा।
जिला संयोजक अजय सिंह ने कहा कि जिले में आरटीओ कार्यालय भ्रष्टाचार का अड्डा बनता जा रहा है। ड्राइविंग लाइसेंस व रजिस्ट्रेशन के लिए निर्धारित शुल्क से अधिक शुल्क वसूल किया जाता है।
कार्यालय परिषद में दलालों का जमावड़ा आए दिन हो रहा है। बिना दलालों के यहां कार्य होना असंभव है जब कि वही कार्य जब व्यक्ति खुद लेकर जाता है तो उसे अयोग्य करार कर दिया जाता है। कहा कि जिले में रातों रात ट्रेक्टर ट्रालियों से मिट्टी खनन का कार्य किया जा रहा है।
थाने के बगल से मिट्टी का खनन हो रहा है लेकिन किसी के कानों पर जूं नहीं रेंग रही है। कहा कि इससे न सिर्फ राजस्व का घाटा हो रहा है बल्कि प्रकृति के साथ खिलवाड़ भी हो रहा है। ज्ञापन सौंपने वालों में मुख्य रूप से विनित तिवारी, लैरोदोनवार, राजहंस, बबलू शाही, राजीव मौर्य, संजय विश्वकर्मा, अवधेश आदि उपस्थित रहे।