हलधरपुर थाना क्षेत्र के जगदीपुर गांव में सोमवार की रात एक 19 वर्षीय छात्रा ने कमरे में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी घरवालाें को रात में ही हो गई। उसे आनन फानन में जिला अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवती के पिता ने बताया कि पेपर खराब होने के कारण परेशान थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
हलधरपुर थाना क्षेत्र के जगदीपुर गांव निवासी छविनाथ की पुत्री कविता इंटरमीडिएट की छात्रा थी। उसने हाल में ही परीक्षा भी दी थी। घरवालों के अनुसार उसका अंग्रेजी और विज्ञान का पेपर खराब हो गया था। इसे लेकर वह चिंतित रहती थी। सोमवार की रात वह खाना खाकर अपने कमरे में सोने चली गई। कुछ देर बाद उसकी मां चंद्रज्योति उसके कमरे में गई तो अंदर से दरवाजा बंद था।
उन्होंने दरवाजा खुलवाने के लिए आवाज लगाई लेकिन जब कोई आवाज नहीं आई तो परिवार वाले परेशान हो उठे।
घरवाले दरवाजा तोड़कर कमरे में पहुंचे तो कविता छत पर लगी कुंडी से फंदा लगाकर लटकी हुई मिली। घरवालों ने आनन फानन उसे कुंडी से उतारा और एंबुलेंस बुलाकर जिला अस्पताल ले गए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने उसके शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।