कोपागंज। पेपर लीक होने के बाद शनिवार को जिला प्रशासन को एक्टिव मोड पर दिखा। खुद डीएम-एसपी ने कई केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कोपागंज के शिवपुर गाड़ा स्थित एक परीक्षा केंद्र में फोटो कापी तथा प्रिंटर मिलने और पेपर खोलते समय स्टेटिक मजिस्ट्रेट की उपस्थिति न मिलने पर डीएम काफी नाराज दिखे। उन्होंने केंद्राध्यक्ष के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई। डीएम ने कहा कि स्टेटिक मजिस्ट्रेट के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
हाईस्कूल के अंग्रेजी की परीक्षा को लेकर शनिवार को प्रशासन अलर्ट रहा, सुबह 9 बजे के करीब डीएम ज्ञानप्रकाश त्रिपाठी तथा एसपी अनुराग आर्य कोपागंज के शिवपुर गाड़ा स्थित हबीब इंटर कालेज पहुंचे। यहां उन्हें एक फोटो स्टेट मशीन तथा प्रिंटर रखा होना मिला। वहीं पेपर खोलने के दौरान स्टेटिक मजिस्ट्रेट के रुप में विद्यालय पर तैनात राघवेंद्र सिंह को अनुपस्थित होना पाया गया। पूछे जाने पर राघवेंद्र सिंह ने बताया कि वो पैरेंट मीटिंग में भाग लेने के लिए चले गए थे। जिस पर जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद को केंद्र व्यवस्थापक और ड्युटी से नदारत स्टेटिक मजिस्ट्रेट के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने का आदेश दिया। इस दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पुलिस को तहरीर दिया। लेकिन कानूनी अड़चन के रुप में, सरकारी अधिकारी के विरुद्घ रिपोर्ट दर्ज कराने से पूर्व अनुमति लेने का मामला सामने आने के कारण पशुधन अधिकारी इंदारा का नाम हटाना पड़ा। जिलाविद्यालय निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि स्टेटिक मजिस्ट्रट की लापरवाही की शिकायत उनके विभागाध्यक्ष से की गई।