परदहां ब्लाक के उमापुर प्राथमिक स्वास्थ केंद्र पर बिजली न रहने पर खिड़की खोलकर उजाले में बुजुर्?
- फोटो : MAU
मऊ। कनेक्शन के कागजात न दिखाने की स्थिति में विद्युत विभाग की टीम ने बीते बुधवार को उमापुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का कनेक्शन काट दिया। इसकी वजह से शुक्रवार को कोरोना टीकाकरण में स्वास्थ्य कर्मियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं टीका लगवाने पहुंचे लोग गर्मी से परेशान रहे।
विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता सुबोध कुमार ने बताया कि 10 मार्च को विद्युत विभाग की टीम उमापुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गई थी। स्वास्थ्य केंद्र के बिजली कनेक्शन के कागजात नहीं दिखाया गया। इसके बाद टीम ने अस्पताल और आवासीय कालोनी का कनेक्शन काट दिया। बिजली कनेक्शन कटने के कारण उमापुर पीएचसी में शुक्रवार को खिड़कियां खोलकर दिन के प्रकाश में टीकाकरण किया गया। इस दौरान बुजुर्ग लोगों को गर्मी में परेशान होना पड़ा। इसकी सूचना पीएचसी प्रशासन की ओर से शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दी गई। पीएचसी प्रभारी डॉ. संजय चौहान ने बताया कि 10 मार्च को पीएचसी का बिजली कनेक्शन कटने की मौखिक सूचना दी गई थी। अगले दिन महाशिवरात्रि का अवकाश होने के कारण शुक्रवार को लिखित सूचना दी गई है।
सीएमओ डॉ. सतीशचंद्र सिंह ने पीएचसी का विद्युत कनेक्शन कटने की सूचना शुक्रवार को मिली। इसके बाद उन्होंने बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता को बिजली कनेक्शन जोड़ने और बिजली बिल भेजने के लिए पत्र लिखा।