पर्याप्त मात्रा में स्टॉक नहीं होने से पेट्रोल-डीजल की बिक्री में कटौती शुरू हो गई है। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के पंपों पर संचालकों ने नया नियम लागू कर दिया है।
बाइक सवारों को कहीं भी 100 रुपये और चार पहिया वाहनों को 500 या 1000 रुपये तक का ही पेट्रोल-डीजल दिया जा रहा है। इसके चलते दूर का सफर करने वालों को परेशानी हो रही है। उधर, जिला प्रशासन किल्लत नहीं होने का दावा कर रहा है।
शनिवार को टीम ने घोसी, मधुबन और मुहम्मदाबाद गोहना तहसील क्षेत्रों में पेट्रोल पंपों पर पहुंचकर पड़ताल की। कोपागंज में खुखुंदवा स्थित पंप पर तेल नहीं होने से सूना दिखा। वहां से कुछ दूरी पर स्थित तीन पंपों पर पेट्रोल-डीजल मिल रहा था और स्थिति सामान्य थी।
घोसी तहसील स्थित राय फिलिंग स्टेशन पर बाइक को एक लीटर और चार पहिया वाहनों को 500 रुपये का तेल दिया जा रहा था। लाखीपुर स्थित कैप्टन फिलिंग स्टेशन पर बाइक को 200 रुपये और चार पहिया वाहनों को 1000 रुपये का तेल मिल रहा था। वहीं, मझवारा में किसान पेट्रोल पंप, सेमरी जमालपुर में मुनाकी देवी पेट्रोल पंप सहित आसपास के चार पंप बंद थे।
वहीं दोहरीघाट क्षेत्र के बसारतपुर, गोठा और फरसरा में शर्त के आधार पर तेल दिया जा रहा था। मधुबन तहसील क्षेत्र में दुबारी सहित कुछ पंपों पर स्थिति सामान्य दिखी, जबकि कुछ जगहों पर शर्त के मुताबिक तेल दिया जा रहा था।
मुहम्मदाबाद गोहना कस्बे सहित आसपास के 8 पंपों पर पेट्रोल-डीजल उपलब्ध मिला। दो जगहों पर शर्त के मुताबिक तेल दिया जा रहा था, जबकि अन्य जगहों पर स्थिति सामान्य दिखी। शहर में मतलूपुर स्थित पंप पर शुक्रवार की शाम से ही शर्त के मुताबिक तेल दिया जा रहा है।