कोपागंज। जिले में बिजली व्यवस्था बेपटरी हो चुकी है। शासन के निर्देश के बाद भी फुुंके ट्रांसफार्मर को 72 घंटे में नहीं बदला जा रहा है। बिजली विभाग की उदासीनता का एक मामला कोपागंज ब्लाक के डाडी ग्राम पंचायत के राजभर बस्ती में देखने को मिला। यहां कई दिन से फुंके 25 केवीए के ट्रांसफार्मर को नहीं बदला जा सका है। बुधवार को गुस्साए बस्ती के लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन कर ट्रांसफार्मर को बदलने की मांग की।
डांडी ग्राम पंचायत के राजभर बस्ती के 75 से ज्यादा घरों में बिजली आपूर्ति के लिए 25 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाया गया है। अधिक उपभोक्ताओं की संख्या के चलते कम क्षमता का ट्रांसफार्मर लगने से आए दिन ट्रांसफार्मर फुंक जाता रहता है। एक सप्ताह से अधिक समय पहले ट्रांसफार्मर एक बार फिर ओवरलोड के चलते फुंक गया। इससे 75 से ज्यादा घरों में बिजली आपूर्ति बाधित है। इस समस्या को लेकर राजभर बस्ती के प्रहलाद, दयानंद, गुड्डू, राजकुुमारी देवी, ऊषा आदि ने बताया कि कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराते हुए 25 केवीए के ट्रांसफार्मर को बदलकर 63 केवीए के ट्रांसफार्मर लगाए जाने की मांग लिखित तथा मौखिक रूप से कर चुके है। बावजूद कई दिन बीतने के बाद भी बिजली विभाग के जिम्मेदार उनकी समस्या को दूर करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे है। बुधवार को इस समस्या को लेकर बस्ती के लोगों बिजली विभाग के अधिकारियों के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। साथ ही चेताया कि शीघ्र ही समस्या का निदान न करने पर वह आंदोलन करने को बाध्य होंगे।