मऊ। शासन प्रशासन की तरफ से कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर को रोकने के लिए तमाम कवायद की जा रही है। वहीं वीकेंड लॉकडाउन में भी जहां चोरी छिपे दुकानें खुल रही हैं। वहीं वाहन चालक कोविड गाइडलाइन को ताक पर रखकर अधिक सवारियों को बैठाकर फर्राटा भर रहे हैं। इतना हीं नहीं बिना वजह लोगों को मुख्य मार्ग, गली व चौराहों पर बिना मास्क के टहलते देखा जा रहा है। जिन पर कार्रवाई तो दूर पुलिस इन्हें टोकना भी मुनासिब नहीं समझ रही है।
कोरोना संक्रमण के तीसरी लहर की आशंका के मद्देनजर सरकार की तरफ से कोविड गाइडलाइन का पालन करने के लिए अपील की जा रही है। इसके बावजूद लोग बेपरवाह घूम रहे हैं। संबंधित विभागों के अधिकारी भी उदासीनता बरत रहे हैं। कोरोना संक्रमण पर नियंत्रण के लिए जिले में सप्ताह में शनिवार तथा रविवार को वीकेंड लाकडाउन लगाया गया है। लेकिन रविवार को वीकेंड लॉकडाउन का अनुपालन होते नहीं दिखा।
नगर सहित जिले के विभिन्न बाजारों में कई दुकानदार चोरी छिपे खरीद बिक्री करते नजर आए। वहीं छोटे वाहन चालक क्षमता से अधिक सवारियों को बैठाकर फर्राटे भरते देखे गए। सवारी वाहन चालक और अधिकांश यात्री बिना मास्क के ही यात्रा करते देखे गए। नगर के गाजीपुर तिराहा तथा सदर चौक तथा नगर के मुख्य मार्ग पर अनावश्यक रूप से लोगों को टहलते देखा गया। लोग मास्क तक नहीं लगाए थे। आसपास बैठे पुलिस के जवान पर हाथ पर हाथ धरे बैठे रहे।