मऊ। कोपागंज क्षेत्र के कांछीकला में करोड़ों की लागत से स्थापित विद्युत उपकेंद्र शोपीस बनकर रह गया है। 4.25 करोड़ की लागत से विद्युत उपकेंद्र वर्ष 2019 में बनकर तैयार हो गया है। लेकिन विभागीय लापरवाही के चलते अभी तक उद्घाटन नहीं हो सका है। विद्युत उपकेंद्र में लगे मशीन तथा उपकरण जंग खा रहे हैं। शिकायत के बाद भी मामले को लटका दिया गया है।
नगर पंचायत कोपागंज तथा आसपास के गांवों की लचर विद्युत व्यवस्था को सुधारने के लिए सपा शासनकाल में वर्ष 2015 में क्षेत्र के काछीकला गांव विद्युत उपकेंद्र प्रस्तावित हुआ। विद्युत उपकेंद्र की लागत चार करोड़ 25 लाख रुपया अनुमानित की गई थी। वर्ष 2017 में सत्ता परिवर्तन के बाद कांछीकाला में सब स्टेशन का शिलान्यास किया गया। तमाम रुकावट के बाद जनवरी 2019 में सब स्टेशन बन तैयार हो गया। लेकिन इसके निर्माण के दो वर्ष बीतने के बाद भी अधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा का शिकार बना हुआ है। लेकिन अभी तक उद्घाटन नहीं हो सका है।
इस संबंध में क्षेत्र के आनद पुंज, प्रमोद राय, नीरज राय, शिवनारायण, जयप्रकाश राय का कहना है कि दो वर्ष पूर्व ही विद्युत बनकर तैयार हो गया है, लेकिन विभागीय अधिकारियों के गैर जिम्मेदाराना रवैए के चलते विद्युत उपकेंद्र का उद्घाटन नहीं हो सका है। करोड़ों रुपया खर्च होने के बाद भी प्रोजेक्ट का लाभ जनता को नहीं मिल पा रहा है। समस्या का अविलंब समाधान नहीं किया गया तो हम लोग आंदोलन करने के लिए बाध्य हो जाएंगे। इस बाबत अधिशासी अभियंता दुर्गविजय सिंह का कहना है कि विद्युत उपकेंद्र शीघ्र ही चालू कराया जाएगा।