घोसी नगर के करीमुद्दीनपुरा मोहल्ला में सोमवार को बिजली चेकिंग करने गई टीम के विरोध में बुनकरों ने जमकर हंगामा किया। हंगामा होने के बाद चेकिंग करने गई टीम वहां से भाग निकली।
टीम के जाने के बाद बुनकरों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। साथ ही पूरी बिजली देने पर चेकिंग की बात कही। मामले की जानकारी होने के बाद एसडीएम घोसी और सीओ घोसी ने मौके पर पहुंचकर बुनकरों को समझाबुझाकर शांत कराया।
इसके बाद लोगों संग प्रशासन की बैठक घोसी कोतवाली में हुई, जिसमें लोगों की मांग पर बुनकरों को बिजली कनेक् शन लेने के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया।
सोमवार को बिजली विभाग के एसडीओ घोसी और अवर अभियंता के नेतृत्व में टीम करीमुद्दीनपुर में बिजली चेकिं ग के लिए पहुंची।
बिजली विभाग की टीम ने अभी चेकिंग शुरू ही की थी कि सैकड़ों की संख्या में बुनकर वहां पहुंच गए और बिजली विभाग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने लगे। लोगों का गुस्सा बढ़ता देख बिजली विभाग की टीम वहां से खिसक गई।
इसकी जानकारी होने के बाद एसडीएम साहब लाल, घोसी सीओ डा.अजय सिंह मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराया। इसके बाद घोसी कोतवाली में बुनकर नेताओं, बिजली विभाग के अधिकारियों और अधिकारियों की बैठक हुई।
जिसमें बुनकर नेता इर्शाद सेठ, सभासद शाहजनम, शोएब निजामी ने कहा कि बिजली विभाग द्वारा बुनकरों को कनेक्शन के लिए कुछ दिन का समय देना चाहिए। बिजली विभाग की ओर से एक सप्ताह का समय दिया गया।