ब्लाक मुख्यालय स्थित प्राथमिक विद्यालय प्रथम में दिन ब दिन शैक्षिक गुणवत्ता में गिरावट आने से नाराज ग्रामीणों ने गुरुवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली।
पुतले को लेकर ग्रामीणों ने पूरे बाजार का चक्रमण किया। इसके बाद मुख्य चौराहे पर पुतला दहन किया। साथ ही जमकर नारेबाजी की। इसके बाद ब्लाक सभागार में बैठक कर अधिकारियों के कार्यप्रणाली की जांच कराने की मांग की।
ग्राम शिक्षा समिति तथा विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्यों ने प्राथमिक विद्यालय रतनपुरा प्रथम की प्रधानाध्यापिका, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी के कार्यप्रणाली से असंतुष्ट होकर बीएसए, बीईओ के पुतले की शव यात्रा निकाली।
ग्राम प्रधान रामाश्रय मौर्य के नेतृत्व मेें ग्राम शिक्षा समिति तथा विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्यों तथा ग्रामीणों ने बीएसए, बीईओ के पुतले की शव यात्रा निकाली।
शव यात्रा में शामिल सदस्य दारु मुर्गा बंद करो, शिक्षा का प्रबंध करो आदि नारे लगाते हुए चल रहे थे। सदस्य पुतले को लेकर पूरे बाजार का भ्रमण कर पुतला दहन कर नारेबाजी की।
इसके बाद ब्लाक कार्यालय के सभागार में बैठक कर प्रधान रामाश्रय मौर्य ने कहा कि प्राथमिक विद्यालय रतनपुरा प्रथम में अव्यवस्था का बोलबाला है। शैक्षिक गिरावट दिन ब दिन दयनीय होती जा रही है।
विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्यों को विश्वास लिए बगैर विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष को बदल दिया गया जो असंवैधानिक है।
विद्यालयों के शिक्षकों की अनियमित दिनचर्या से पढ़ाई भगवान भरोसे चल रही है। समस्या का अविलंब समाधान नहीं किया गया तो हम लोग आंदोलन तेज करने को बाध्य हो जाएंगे।
दयाशंकर श्रीवास्तव, रामनिवास गोंड़, वीरेंद्र राम, छेदी यादव, कन्हैया राजभर, संतरी गुप्ता, भूषण राजभर, मरछू, लालती, किरन, फूलवा, कौशल्या आदि शामिल थे।