बड़रांव ब्लाक के बसारथपुर गांव में एक पोखरी की जमीन का पट्टा कर दिए जाने पर शुक्रवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और वे सड़क पर उतर आए।
इस दौरान ग्रामीणों ने गोरखपुर-वाराणसी नेशनल हाइवे-29 पर चक्काजाम कर दिया। लगभग डेढ़ घंटे तक चले चक्काजाम की वजह से लोगों को काफी परेशानी हुई सड़क की दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सूचना पाकर मौके पर पहुंचे तहसीलदार से ग्रामीणों ने पट्टा को निरस्त किए जाने की मांग की और ज्ञापन सौंपा।
बड़रांव ब्लाक के बसारथपुर गांव में एक पोखरी का हाल में ही एक व्यक्ति को पट्टा कर दिया गया है।
इसकी जानकारी जब ग्रामीणों को हुई तो वे गुस्से में आ गए और शुक्रवार को ग्राम प्रधान रामनिवास यादव एवं सपा नेता दीपक राय के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीण गांव के निकट गोरखपुर-वाराणसी हाईवे पर पहुंच गए।
इस दौरान ग्रामीण पट्टा को यथाशीघ्र निरस्त करने की मांग करने लगे। कहा कि एक तरफ सरकार पोखरियों एवं जल प्रणालियों को बचाने के लिए चिह्निकरण करा रही है
तो दूसरी तरफ अधिकारी इन जमीनों का भी पट्टा करने में संकोच नहीं कर रहे हैं। कहा कि इस पोखरी में न सिर्फ गांव के लोगों का पानी जाता है बल्कि इसे सिंचाई के भी काम में लिया जाता है।
जाम की सूचना पाकर मौके पर दोहरीघाट पुलिस एवं तहसीलदार घोसी पहुंचे। इस दौरान ग्रामीणों को वह समझाने बुझाने का प्रयास भी किए
लेकिन ग्रामीण बिना पट्टा निरस्त होने की मांग पूरी होने पर जाम समाप्त नहीं कर पा रहे थे। काफी मानमनौव्वल के बाद ग्रामीण किसी प्रकार जाम समाप्त करने के लिए तैयार हुए। इस दौरान ग्रामीणों ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।
जाम के चलते वाहनों की लंबी कतारें लग जाने से लोगों को काफी समस्या का सामना करना पड़ा। जाम करने वालों में मुख्य रूप से गांव के सैकड़ों लोग शामिल रहे।