कलेक्ट्रेट पर अपनी मांगों को लेकरधरना प्रदर्शन करते सेवानिवृत्त कर्मचारी और पेंशनर्स ।संवाद
मऊ। सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर एसोसिएशन उत्तर प्रदेश और ऑल इंडिया स्टेट गवर्नमेंट पेंशनर फेडरेशन के संयुक्त आह्वान पर मंगलवार को कलेक्ट्रेट में पेंशनरों ने अपनी मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन किया। साथ ही 8वें वेतन आयोग के दायरे में लाने और पुरानी पेंशन योजना की बहाली समेत 12 सूत्री मांगों को प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।
धरना प्रदर्शन के दौरान संगठन के जिला अध्यक्ष अश्विनी कुमार राय ने कहा कि सरकार लगातार पेंशनरों की न्यायसंगत और हक की मांगों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि 1 जनवरी 2026 से पहले सेवानिवृत्त हुए पेंशनरों को 8वें वेतन आयोग में शामिल करना, पुरानी पेंशन बहाल करना, 18 महीने के बकाया कोरोना काल के डीए एरियर का भुगतान करने की मांग को लेकर हम आज धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं जिला मंत्री इंजी. सीताराम वर्मा ने कहा कि पेंशनर्स को आयुष्मान योजना के तहत मुफ्त इलाज की सीमा बढ़ाकर 10 लाख रुपये सरकार को करना चाहिए। वही वरिष्ठ नागरिकों को ट्रेनों में 50 प्रतिशत किराए की छूट पुनः शुरू करने के साथ पेंशन को पूरी तरह आयकर मुक्त करना हमारी प्रमुख मांगें हैं। धरना प्रदर्शन के दौरान संरक्षक सीताराम कुशवाहा, कोषाध्यक्ष उमेशचन्द राय, वरिष्ठ उपाध्यक्ष भानुप्रताप उपाध्याय, उपाध्यक्ष ओमप्रकाश सिंह, संयुक्त मंत्री अखिलेश मल्ल, संगठन मंत्री शिवकुमार राय, संप्रेक्षक विधिचंद यादव तथा मीडिया प्रभारी ज्ञानप्रकाश पाण्डेय उपस्थित रहे।