मऊ/बढुआ गोदाम। सरायलखंसी के ताजोपुर स्थित नरजा पेट्रोल पंप के पास शनिवार देर रात गिट्टी लदा ट्रक पलटने से गश्त कर रहे सिपाही और एक होमगार्ड की मौत हो गई। वहीं दुर्घटना के बाद ट्रक चालक फरार हो गया। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजवाया।
सराय लखंसी थाने पर तैनात 35 वर्षीय सिपाही अरविंद पुत्र रूपचंद निवासी गांव मैथी थाना मुबारकपुर जनपद आजमगढ़ और होमगार्ड 36 वर्षीय हरेराम यादव पुत्र घुरहू यादव निवासी गांव ढोलबन थाना हलधरपुर शनिवार देर रात एक बजे दो पहिया वाहन से गश्त कर रहे थे। इसी दौरान गाजीपुर से गिट्टी लादकर मऊ आ रहा ट्रक रात एक बजे बीच राह पलट गया। बाइक पर सवार पुलिसकर्मी और होमगार्ड जवान दोनों उसकी चपेट में आ गए। उनकी मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से भागने में कामयाब रहा। बीच राह में ट्रक पलटने से सड़क भी जाम हो गई। इसी बीच किसी ने घटना की जानकारी पुलिस की दी। मौके पर सीओ सिटी अंजनी कुमार पांडेय और थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह भी पुलिस बल के साथ पहुंचे। जेसीबी लगाकर पुलिसकर्मी और होमगार्ड जवान को गिट्टी के नीचे से निकाला गया। अचेत अवस्था में दोनों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। वहीं रात को ही ट्रक को बीच रास्ते से हटाकर आवागमन बहाल किया गया। फिलहाल पुलिस ट्रक नंबर के आधार पर जांच पड़ताल कर रही है।
-
दोहरीघाट थाने पर तैनात पुलिसकर्मी की हो चुकी है मौत
बीते दिनों दोहरीघाट मैं गश्त के दौरान अज्ञात वाहन ने पुलिसकर्मी की बाइक को टक्कर मार दी थी। इसके बाद बाइक एक पेड़ से टकरा गई थी। बाइक में आग लगने से मौके पर पुलिसकर्मी की दर्दनाक मौत हो गई थी, जबकि होमगार्ड जवान भी बुरी तरह घायल हो गया था।