मऊ। कोरोना संक्रमण के दौर में पैसेंजर ट्रेन का संचालन बंद होने से छोटे स्टेशनों के यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पूर्वोत्तर रेलवे ने यात्रियों की इस समस्या को देखते हुए मऊ-प्रयागराज विशेष पैसेंजर गाड़ी का संचालन छह मार्च से शुरू करने का निर्णय लिया है। सकारात्मक बात यह है कि इस ट्रेन में यात्रा करने के लिए आरक्षण की जरूरत नहीं होगी। यात्री पूर्व की भांति सामान्य टिकट लेकर यात्रा कर सकेंगे। ट्रेन के संचालन तथा आरक्षित टिकट की व्यवस्था हटने से यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी।
पूर्वोत्तर रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि आठ कोच वाली विशेष पैसेंजर ट्रेन एक्सप्रेस के तर्ज पर 6 मार्च से मऊ से प्रयागराज के लिए संचालित होगी। मऊ से यह ट्रेन दोपहर 2.45 से शुरू होकर रात 8.45 पर प्रयागराज रामबाग हर छोटे-बड़े स्टेशन पर रुकते हुए पहुंचेगी। बताया कि प्रयागराज रामबाग से यह विशेष ट्रेन रविवार को छोड़कर छह दिन संचालित होगी। जबकि मऊ से यह ट्रेन शनिवार को छोड़कर सप्ताह के अन्य छह दिन संचालित होगी। बताया कि इस ट्रेन में यात्रा करने के लिए आरक्षण की जरूरत नहीं होगी, यात्री सामान्य टिकट लेकर यात्रा कर सकेंगे।
वहीं मऊ जंक्शन के डीसीआई सिरनाम सिंह मीना ने बताया कि पैसेंजर ट्रेन के संचालन को देखते हुए स्थानीय स्तर पर तैयारियां शुरू की जा चुकी हैं। बीते मार्च माह से बंद पैसेंजर ट्रेन के बाद पहली पैसेंजर ट्रेन के रूप में इस ट्रेन के संचालन से छोटे स्टेशनों के यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी। यात्रियों की सुविधा के लिए सामान्य टिकट की एक खिड़की खोली जाएगी। साथ ही ट्रेन में यात्रा करने वाले यात्रियों को कोरोना संक्रमण से बचाव को लेकर कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन करने की अपील की जाएगी।
आरपीएफ ने चलाया चेकिंग अभियान
मऊ। स्थानीय रेलवे स्टेशन पर बुधवार को आरपीएफ-जीआरपी ने संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चलाया गया।
इस दौरान स्टेशन प्लेटफार्म, फुटओवर ब्रिज, वेटिंग हॉल, सर्कुलेटिंग एरिया में लोगों के बैग, झोला आदि सामनों की जांच की गई। अभियान का नेतृत्व आरपीएफ इंस्पेक्टर डीके राय एवं जीआरपी इंस्पेक्टर गणनाथ कर रहे थे। चेकिंग अभियान के तहत आरपीएफ-जीआरपी ने शालीमार एक्सप्रेस, कृषक एक्सप्रेस, गोदान, दादर एक्सप्रेस आदि की सघन चेकिंग की गई। व्यापक चेकिंग के साथ ही यात्रियों को जागरूक भी किया गया कि अनजान लोगों का दिया हुआ खाने पीने का सामान न लें। साथ ही कोरोना संक्रमण से बचाव को लेकर मास्क का प्रयोग के साथ सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की अपील की। इस दौरान उपनिरीक्षक विजय यादव, अर्चना पाठक, आरक्षी मनोज सिंह, उमाशंकर सिंह, भरत गुप्ता आदि मौजूद रहे।