मऊ। उच्च न्यायालय में कोरोना संक्रमितों को दी जाने वाली सुविधाओं और व्यवस्थाओं के क्रम में जारी आदेश का अनुपालन करते हुए जिला प्रशासन ने शिकायत दर्ज कराने के लिए नोडल अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग की टीम का गठन किया। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी राम सिंह वर्मा को डीएम ने नोडल अधिकारी नामित किया है।
जिले में गठित पैनडेमिक पब्लिक ग्रीवान्स कमेटी के नोडल अधिकारी मुख्य विकास अधिकारी रामसिंह वर्मा ने बताया कि कोविड संक्रमित मरीजों को जहां कहीं कोई दिक्कत हो वो उनसे उनके मोबाइल नंबर 9454417218 पर संपर्क कर शिकायत दर्ज करा सकता है। इसके अलावा कमेटी में मौजूद मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट फारुख इनाम सिद्दीकी मोबाइल नंबर 9415235213 तथा डिप्टी सीएमओ डॉ. वकील अली मोबाइल नंबर 9450754065 पर संपर्क कर शिकायत दर्ज करा सकता है। यह समिति शिकायतों को सुनते हुए निस्तारण करेगी।
बताते चलें कि कोरोना संक्रमण काल में संक्रमित मरीजों को सुविधाएं न मिलने, व्यवस्था न होने पर उच्च न्यायालय में पीआईएल दाखिल की गई थी। सुनवाई के बाद कोर्ट ने प्रदेश सरकार को इस बाबत आदेश जारी किया था। अपर सचिव गृह ने तत्काल प्रदेश के सभी जिलों को आदेश जारी किया कि वो अपने यहां पैनडेमिक पब्लिक ग्रीवान्स कमेटी का गठन कर अवगत कराएं। इस आदेश के क्रम में आनन फानन में कमेटी गठित कर शासन को अवगत कराया।