पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव एवं मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के आगमन को लेकर जो तैयारी हो रही थी उस पर रविवार को हुई आधे घंटे की बारिश ने ही सवाल खड़ा कर दिया।
खराब मौसम को देखते हुए ही जिस जनसभा स्थल एवं मंच पर एक करोड़ से अधिक की लागत से वाटर प्रूफ पांडाल बनाया जा रहे था वहां पानी जमा हो गया। पांडाल में वीआईपी और मीडिया गैलरी में लबालब पानी जमा हो गया है।
जिला प्रशासन अभी 27 अगस्त को हुई मामूली बरसात से निपटकर फिर से तैयारियों को दुरुस्त करने में लगा हुआ था कि रविवार को हुई तेज बरसात ने पूरी व्यवस्था की पोल खोल दी।
बरसात में ही इस प्रकार की स्थिति उत्पन्न होने पर जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव कार्यक्रम स्थल पर गए। पुलिस अधीक्षक भी पहुंचे और बरसात से हुई दुर्व्यवस्था की जानकारी लेने के उपरांत नगरपालिका को निर्देश दिया कि बारिश होने पर किसी भी सूरत में कार्यक्रम स्थल पर पानी जमा नहंी होना चाहिए।