कश्मीर के उड़ी सेक्टर में रविवार को आतंकियों द्वारा सेना मुख्यालय पर हमला कर 17 जवानों को मारने की घटना को लेकर जबरदस्त नाराजगी है। सोमवार भाजपा, हिंदू युवा वाहिनी, अधिवक्ता सहित विभिन्न संगठनों ने प्रदर्शन कर पाकिस्तान का झंडा जलाया। विद्यालयों में शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई।
रविवार को बाल निकेतन तिराहे पर स्थित भारतीय जनता पार्टी के कार्यालय पर आयोजित श्रद्धांजली सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष सुनील गुप्ता ने कहा कि आतंकी हमले में जवानों की शहादत से पूरा देश मर्माहत है। पाकिस्तान को इसका जवाब सरक ार जरूर देगी। इसके उपरांत कार्यकर्ताओं ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर भाजपा नेता गनेश सिंह, आनंद प्रताप सिंह, प्रवीण गुप्ता, रामाश्रय मौर्या, विजय राजभर, यादवेंद्र प्रताप सिंह, रविंद्र सिंह आदि रहे।
हिंदू युवा वाहिनी ने बाल निकेतन तिराहे पर पाकिस्तान के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ व आतंकवाद का पुतला भी फूंका। पुतला दहन से पूर्व हिंयुवा कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर हमले में शहीद जवानों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान आयोजित सभा को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी दिग्विजय राय ने कहा कि पाकिस्तान द्वारा लगातार हमले किए जा रहे हैं। अब जरूरत है कि पाकिस्तान का जवाब उसी की भाषा में दिया जाए।
जिला संयोजक अजय सिंह ने कहा कि पाकिस्तान हमारी सहनशीलता को हमारी कमजोरी समझ रहा है। अब समय आर या पार का है। कार्यवाहक जिलाध्यक्ष डा. मिथिलेश ने कहा कि पूरा विश्व यह जानता है कि पाकिस्तान आतंकवाद का प्रमुख केंद्र है। शहीदों की शहादत पर पुरा देश गमगीन है।
इस अवसर पर विनित तिवारी, मनीष पांडेय, राम प्रवेश संजय विश्कर्मा, नीरज गुप्ता, अखिलेश चौहान, उमेश यादव, प्रदीप, देवेंद्र आदि रहे। उधर, कांग्रेस कमेटी के पूर्व जिलाध्यक्ष राष्ट्रकुंवर सिंह की अध्यक्षता में शहीद हुए जवानों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई। इस अवसर पर राष्ट्रकुंवर सिंह, रामजपित पांडेय, नंद किशोर सिंह, सुहैल नोमानी, हंसनाथ, खालिद अंसारी आदि रहे।