चिरैयाकोट थाना के ग्राम सभा भीखमपुर में आजमगढ़- गाजीपुर मार्ग पर पलटा सिमेंट लदा ट्रक।संवाद
चिरैयाकोट। थाना क्षेत्र के आजमगढ़-गाजीपुर मार्ग पर मंगलवार रात करीब एक बजे छुट्टा पशु को बचाने के प्रयास में सीमेंट लदा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे करीब छह फुट गहरे गड्ढे में पलट गया।
हादसा भीखमपुर ग्रामसभा स्थित रामनवल सिंह पीजी कॉलेज के सामने हुआ। दुर्घटना में ट्रक चालक घायल हो गया। रायबरेली निवासी ट्रक चालक पिंटू सिंह सीमेंट लादकर रायबरेली से गाजीपुर जनपद में एक दुकान पर माल पहुंचाने जा रहा था।
मंगलवार रात करीब एक बजे वह भीखमपुर ग्रामसभा में रामनवल सिंह पीजी कॉलेज के सामने पहुंचा। इसी दौरान अचानक सड़क पर एक छुट्टा पशु आ गया। चालक ने पशु को बचाने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान ट्रक अनियंत्रित हो गया और आजमगढ़-गाजीपुर मुख्य मार्ग के किनारे स्थित करीब छह फुट गहरे गड्ढे में पलट गया।
हादसे के बाद चालक किसी तरह ट्रक से बाहर निकला। उसे बाजार स्थित एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार कराया गया। थानाध्यक्ष विजय प्रकाश मौर्या ने बताया कि ट्रक पलटने के बाद चालक पिंटू सिंह को बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चालक को मामूली चोटें आई हैं।