शहर क्षेत्र के छेदापुरा स्थित संगतघाट पर भदेसरा से बालनिकेतन बंधा मार्ग को जोड़ने के लिए हो रहे सड़क निर्माण के खिलाफ मुहल्ले के लोगों का विरोध बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को मोहल्ले की महिलाओं ने एक बार फिर कार्य रोक दिया। इसके बाद महिलाओं ने प्रदर्शन करते हुए नगर पालिका प्रशासन को चेताया कि अगर उनकी नहीं सुनी गई तो विरोध को और मुखर करेंगी।
महिलाओं की मांग थी कि सड़क बनाने के लिए जिस बाउंड्रीवाल का निर्माण हो रहा है, वह मंदिर से बीस फुट की दूरी पर बनाया जाय। जिससे कि आने वाले समय में पूजा पाठ और शादी विवाह के दौरान मोहल्ले के लोगों को कोई परेशानी न हो। महिला के प्रदर्शन के बाद ठेकेदार ने निर्माण कार्य रोक दिया।
बताते दें कि बंधा रोड को भदेसरा से होकर बालनिकेतन तक जोड़ने का कार्य चल रहा है। संगत घाट पर नगर पालिका ने बंधा रोड को जोड़ने के लिए छेदापुरा मोहल्ला स्थित संगतघाट पर निर्माण कार्य कराना शुरू किया है।
लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि जहां से निर्माण कार्य शुरू हुआ वहां पर एक मंदिर स्थित है। लोगों का कहना है कि मंदिर के काफी करीब से निर्माण कार्य करवाया जा रहा है।
मंगलवार को मोहल्ले की महिलाओं ने निर्माण कार्य को रोक दिया। महिलाओं ने कहा कि जहां पर सड़क का निर्माण होना है। वहीं पर संगतघाट स्थित मंदिर का मुख्य द्वार खुलता है। ऐसे में अगर मंदिर से बीस फुट की दूरी पर सड़क निर्माण नहीं होगा तो काफी परेशानी होगी।
कहा कि मोहल्ले के सभी वैवाहिक कार्यक्रम और पूजा पाठ आदि भी यहीं से होता है। महिलाओं ने काम को रोकवा दिया। साथ ही कहा कि बिना मांग पूरी हुए अगर निर्माण कार्य शुरु हुआ तो वे आंदोलन को बाध्य होगी। कार्य रोकवाने के दौरान मोहल्ले की संध्या, बेबी, पुष्पा, अनिता, वंदना, कौशल्या, सुधा, रुबी,पिंकी, सरिता, सितारा देवी सहित दर्जनों महिलाएं मौजूद रहीं।