मऊ। जिले के माध्यमिक विद्यालयों में नौवीं से 12 वीं की ऑनलाइन कक्षाएं बृहस्पतिवार से शुरू होंगी। इसके लिए शासन से गाइडलाइन जारी की गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद ने जिले के समस्त माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को फरमान जारी कर दिया है।
जिले में 14 राजकीय, 67 सहायता प्राप्त सहित 317 से अधिक मान्यता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय हैं। कोरोना संक्रमण काल तथा लॉकडाउन के चलते विद्यालय बंद चल रहे हैं। इसके चलते पठन पाठन ठप है। इसके चलते छात्र छात्राओं को कोर्स पिछड़ने की चिंता खाए जा रही है। मामले की गंभीरता को लेते हुए शासन ने माध्यमिक विद्यालयों में नौवीं से 12वीं की ऑनलाइन कक्षाएं 20 मई से संचालित करने का फरमान जारी किया है। इसके तहत विभागीय अधिकारी बुधवार को दिन भर होमवर्क करने में जुटे रहे।
गत वर्ष के लॉकडाउन के तरह ही सभी व्यवस्था पूरी कर ऑनलाइन कक्षाएं चलाने का विभाग ने प्रधानाचार्यो को निर्देश दिया है। इसके तहत प्रत्येक विद्यालय का व्हाट्सएप ग्रुप बनाया गया है। इसमें विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों या अभिभावकों को जोड़ा गया है। शिक्षकों को व्हाट्सएप ग्रुप में वीडियो, नोटबुक अपलोड करना है। विभाग की तरफ से आनलाइन पढ़ाई की आनलाइन मानीटरिंग की जाएगी।
इसके अलावा माध्यमिक शिक्षा परिषद से संबद्ध विद्यालयों में दूरदर्शन, ई-ज्ञान गंगा पोर्टल, यू-ट्यूब चैनल के जरिए भी ऑनलाइन कक्षाओं का संचालन होगा। इस बाबत जिला विद्यालय निरीक्षक राजेेंद्र प्रसाद का कहना है कि माध्यमिक विद्यालयों में नौवीं से 12वीं तक आनलाइन कक्षाएं बृहस्पतिवार से शुरू होगी। समस्त माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दे दिया गया है। ऑनलाइन कक्षाओं की मॉनिटरिंग की जाएगी। लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।