फतेहपुर मंडाव। रामपुर थाना क्षेत्र के गोठाबारी गांव में विवाहिता के ससुराल पहुंचते ही पति सहित सास ससुर घर में ताला बंद कर फरार हो गए। इस बाबत पीड़िता के पिता ने थाने में तहरीर देकर पुत्री के जानमाल की सुरक्षा के साथ न्याय की गुहार लगाया है।
बलिया जिले के भीमपुरा थाने के पूरा उर्फ फरादा निवासी हरिंद्र प्रसाद ने अपनी पुत्री प्रियंका की शादी नवंबर 2018 में गोठाबारी निवासी युवक से किया था। पीड़िता का आरोप है कि लगातार तीन माह ससुराल में रहने के बाद ससुराल वाले प्रियंका को उसके मायके छोड़ आए। बीच बीच में फोन कर उस के माता पिता से रुपयों की मांग करते रहे और धमकी देते रहे कि अगर बिना रुपयों के तुम्हारी पुत्री ससुराल में आ गई तो उस अंजाम बुरा होगा।
विवाहिता को लेकर उसका पिता सोमवार की शाम उसके ससुराल गोठाबारी पहुंचा। वहां प्रियंका को दरवाजे पर देख पति और सास ससुर घर में ताला बंद कर घर से फरार हो गये। देर रात तक ससुरालजनों के घर न आने पर पास पड़ोस के लोगों ने पिता पुत्री को उस के घर के बारामदे में खाने पीने की व्यवस्था कर उन को सहारा दिया। मंगलवार को थाने पहुंच कर पिता ने अपनी पुत्री की जानमाल की सुरक्षा संबंधी तहरीर देते हुए न्याय की गुहार लगाया है। ससुराल वालों का रुख देख और घर में तालार बंद रहने से मायूस पिता अपनी पुत्री को लेकर वापस लौट गया। इस बाबत एसओ राजकेशर सिंह का कहना है कि तहरीर मिली है दोनों पक्षों को बुधवार को थाने बुलाया गया है।