मुहम्मदाबाद गोहना तहसील में अधिवक्ता एसोसिएशन के चुनाव में ओमप्रकाश अध्यक्ष और विनोद सिंह मंत्री चुने गए। नजदीकी मुकाबले में ओमप्रकाश ने अपने प्रतिद्वंद्वी को 12 मतों से हराया, जबकि मंत्री पद के लिए जीत का अंतर केवल दो मतों का रहा।
इस संबंध में जानकारी देते हुए एल्डर कमेटी के अध्यक्ष विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि सत्र 2026-27 के लिए बृहस्पतिवार को अधिवक्ता एसोसिएशन के पदाधिकारियों के लिए मतदान हुआ। अध्यक्ष और मंत्री पद को छोड़कर अन्य पदों पर पहले ही निर्विरोध निर्वाचन हो चुका था।
अध्यक्ष पद के लिए ओमप्रकाश और खालिद कमाल खान के बीच मुकाबला हुआ। ओमप्रकाश को 35 मत मिले, जबकि खालिद कमाल खान को 23 मत प्राप्त हुए। मंत्री पद के लिए हुए मुकाबले में विनोद सिंह ने मात्र दो मतों के अंतर से जीत हासिल की।
विनोद सिंह को 30 मत मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी आफताब आलम को 28 मत प्राप्त हुए। मतदान में कुल 58 अधिवक्ताओं ने मत डाले।
इसके पहले उपाध्यक्ष पद के लिए सैयद अली इमदाद जैदी, कोषाध्यक्ष पद पर आफताब अहमद, ऑडिटर पद के लिए विद्यापति यादव, वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य पद पर विजय कुमार तथा कनिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए मुनव्वर अहमद निर्विरोध निर्वाचित घोषित हो चुके हैं।
चुनाव परिणाम के बाद समर्थकों ने दोनों विजयी प्रत्याशियों को माला पहनाकर शुभकामनाएं दीं। नवनिर्वाचित अध्यक्ष ओमप्रकाश और मंत्री विनोद सिंह ने कहा कि वे बार के सदस्यों के हितों की लड़ाई के लिए हमेशा आगे रहेंगे।
इस दौरान अधिवक्ता अकरम अली एडवोकेट, महेंद्र राय, राजकुमार पासवान, प्रदीप पांडेय, सुधीर श्रीवास्तव, संतोष श्रीवास्तव और संजय उपाध्याय आदि मौजूद रहे।