सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं की बैठक जिले के विभिन्न ब्लाक मुख्यालयों पर हुई। मुख्य अतिथि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा यूपी के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि उप्र में शराब बंदी बेहद जरूरी है।
बढुआ गोदाम : कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने बुधवार को परदहा ब्लाक के सभागार में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक में कहा कि सरकार में उपेक्षा के बाद भी गठबंधन धर्म निभाऊंगा। कहा मैं जो भी हूं वह पार्टी के कार्यकर्ताआें की बदौलत हूं। कुछ लोग मुझे बदनाम करने में लगे हैं।
मैं यह साजिश सफल नहीं होने दूंगा। कार्यकर्ताओं से कहा कि वह लोस चुनाव के लिए जुट जाएं। उन्होंने अति पिछड़ों और अति दलितों को तीन श्रेणियों में आरक्षण देने की वकालत किया। इस दौरान महेंद्र राजभर डा. संतोष पांडेय, चंद्रशेखर, सोनू राजभर, रामजीत, इंदौर राजभर, निरमा राजभर उपस्थित थे।
रानीपुर : पार्टी के कार्यकर्ताओं की बैठक बुधवार को रानीपुर ब्लाक मुख्यालय पर हुई। मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि वह अनुसूचित जाति में भी तीन कैटेगरी बनाकर दलित, अति दलित और सर्वाधिक दलित वर्ग बनाकर सेवाओं का अधिकार दिलाना चाहते हैं। कहा कि उत्तर प्रदेश में शराबबंदी बहुत जरूरी है।
शराबबंदी को लेकर सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि सरकार से मैं कहना चाहता हूं कि शराब जल्द से जल्द बंद की जाए और जो बेरोजगार घूम रहे हैं उन्हें संविदा पर ही सही लेकिन उन्हें रोजगार दें। इस दौरान महेंद्र राजभर, कमलेश राजभर, जयनाथ सिंह, आरके मोहन आदि शामिल रहे।