मुहम्मदाबाद गोहना। नगर पंचायत मुहम्मदाबाद गोहना के अध्यक्ष पद के चुनाव में हारे बसपा प्रत्याशी ने मतदाता सूची में धांधली करने और मतगणना के दौरान शिकायतों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए जिला जज की अदालत में वाद दायर किया है। कोर्ट ने नगर पंचायत अध्यक्ष शकील अंसारी समेत नौ लोगों को दो फरवरी को हाजिर होने का नोटिस जारी किया है।
दीपक डायमंड ने नगर पंचायत मुहम्मदाबाद से बसपा के टिकट पर अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ा था। वह 243 मतों से पराजित हुए थे। दीपक डायमंड ने मतदाता सूची में धांधली करने और मतगणना के दौरान शिकायतों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए जिला जज की अदालत में वाद दायर कर अध्यक्ष पद का परिणाम रद्द करने की मांग की है।
प्रत्याशी ने आरोप लगाया है कि मुहम्मदाबाद गोहना के विभिन्न वार्डों में 372 लोगों के नाम फर्जी तरीके से दर्ज कराए गए हैं। 76 मृतकों के नाम भी दर्ज कर उनके नाम पर मतदान किया गया है। आरोप है कि मतदाता सूची में गलत नामों के बारे में शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
अदालत ने 23 जनवरी को निर्देश जारी कर अध्यक्ष पद के सभी सात प्रत्याशियों के अतिरिक्त रिटर्निंग अफसर, सहायक निर्वाचन अधिकारी को नोटिस भेजकर दो फरवरी को हाजिर होने के लिए कहा है। बता दें कि चुनाव में बसपा प्रत्याशी दीपक डायमंड को 6007 मत और निर्दलीय शकील को 6250 वोट मिले थे। इसमें शकील अंसारी को निर्वाचित घोषित किया गया।