कलेक्ट्रेट पर रतनपुरा ब्लाक प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस देने पहुंचे बीडीसी सदस्य।
- फोटो : mau
एक साल पहले कुर्सी संभालने वाले रतनपुरा ब्लाक प्रमुख अजीत कुमार धूसिया के विरुद्ध क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को बीडीसी ने जिलाधिकारी को प्रमुख के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस दिया। ब्लाक के कुल 92 क्षेत्र पंचायत सदस्यों में से 56 के शपथयुक्त अविश्वास प्रस्ताव डीएम को सौंपा गया। डीएम ने नियमानुसार कार्यवाही का आश्वासन दिया।
रतनपुरा ब्लाक में कुल 93 क्षेत्रपंचायत सदस्य हैं। इनमें से एक को सरकारी नौकरी मिल गई है। वर्तमान में 92 बीडीसी हैं। सोमवार को बसपा नेता शेषनाथ राम और मतलूब अंसारी के नेतृत्व में 56 क्षेत्र पंचायत सदस्य कलेक्ट्रेट पहुंचे। इन सभी के शपथपत्र युक्त हस्ताक्षर सहित प्रमुख अजीत कुमार धूसिया के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस था। बीडीसी की अगुवाई करने वाले शेषनाथ राम और मतलूब अंसारी ने इस अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस जिलाधिकारी के चैंबर में मिलकर उन्हें दिया।
नोटिस देने वालों ने जिलाधिकारी से कहा कि आप चाहें तो चैंबर से बाहर खड़े सभी 56 बीडीसी को आपके समक्ष प्रस्तुत किया जाए।लेकिन डीएम ने कहा कि इसकी जरूरत नहीं है। नोटिस देकर सभी क्षेत्र पंचायत सदस्य वापस लौट गए। अविश्वास प्रस्ताव पर हस्ताक्षर करने वालों में बसपा नेता बीडीसी शेषनाथ राम, पूर्व प्रमुख राम सरन, मतलूब अंसारी, कैलाश राम , कैलाश तिवारी, कन्हैया राम, शैलेंद्र सिंह,निर्भया पांडेय, गोपाल सिंह, आदित्य शर्मा ,राम जीत मौर्य, निशा सिंह, वनदेवी, पुष्पा, फुलवा, कमलावती और बिंदू सहित 56 क्षेत्र पंचायत सदस्य शामिल रहे। लेकिन अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस देने की बात रतनपुरा ब्लाक पर पहुंच गई। वहां ब्लाक प्रमुख पद को लेकर अटकलें तेेज हो गईं।