फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

धड़ल्ले से चल रहे गैर मान्यता प्राप्त विद्यालय

Sat, 12 Aug 2017 11:59 PM IST
mau news
विज्ञापन
school
विज्ञापन
 मऊ। जिले के विभिन्न इलाकों में दर्जनों विद्यालय बिना मान्यता के धड़ल्ले से चल रहे हैं। इन विद्यालयों में येन केन प्रकारेण मनमानी फीस एवं तरह-तरह के शुल्क लिए जा रहे हैं। इससे बच्चों के अभिभावकों की जेबें ढ़ीली हो रही हैं। विभाग की तरफ से मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक में सिर्फ तीन गैर मान्यता प्राप्त विद्यालयों को ही बंद कराया जा सका है। शिक्षा सत्र का चार माह बीत गया लेकिन गैर मान्यता प्राप्त विद्यालयों को खंड शिक्षा अधिकारियों द्वारा सिर्फ नोटिस भेजकर इतिश्री कर दी गई।
विज्ञापन

 जिले में बेसिक शिक्षा से संबद्ध लगभग 1800 मान्यता प्राप्त विद्यालय हैं। जिले में शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापरक शिक्षा उपलब्ध कराने के नाम पर दर्जनों गैर मान्यता प्राप्त  स्कूलों का कारोबार खूब फल फूल रहा है। शासन की ओर से गैर मान्यता प्राप्त विद्यालयों पर कड़ी कार्रवाई किए जाने का फरमान जारी किया गया है। ब्लाक के खंड शिक्षा अधिकारियों को ऐसे विद्यालयों को चिंहित करने की जिम्मेदारी दी गई है। लेकिन कागज पर ही कार्रवाई कर इतिश्री कर दी जा रही है। कई स्कूल मानक पर खरा नहीं उतर रहे हैं लेकिन मनमानी फीस वसूल रहे हैं। कई स्कूलों की मान्यता आठवीं तक है लेकिन पढ़ाई इंटरमीडिएट तक होती है। छात्र-छात्राओं का नाम किसी अन्य माध्यमिक स्कूलों में चलता है। जानकारों की मानें तो जुगाड़ से बोर्ड परीक्षा को पास करने वाले छात्र इन विद्यालयों में दाखिला लेने आते हैं। प्राइमरी स्तर के कई विद्यालय संचालित हैं जो मान्यता प्राप्त नहीं हैं लेकिन इन स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों का नाम सरकारी स्कूलों या अन्य विद्यालयों में दर्ज रहता है। मधुबन तहसील क्षेत्र के दुबारी, बेलौली, मधुबन कस्बा, दरगाह सहित विभिन्न इलाकों में कई स्कूल चलते हैं जो मानक के अनुरूप नही हैं। सभी ब्लाकों में गैर मान्यता प्राप्त विद्यालय चल रहे हैं लेकिन विभाग की ओर से कार्रवाई के नाम पर खानापूर्ति की जा रही है। कहने को तो सिर्फ मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक में तीन गैर मान्यता प्राप्त विद्यालयों को बंद कराकर स्कूल संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की है। वहीं  बड़रांव ब्लाक में 50, फतहपुर मंडाव ब्लाक में 61 गैर मान्यता प्राप्त विद्यालयों को चिंहित किया गया है। लेकिन संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों ने नोटिस भेजकर इतिश्री कर लिया है। यहीं हाल अन्य ब्लाकों का भी है। इस बाबत जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राकेश कुमार का कहना है कि गैर मान्यता प्राप्त विद्यालयों पर कार्रवाई की जाती है। खंड शिक्षा अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट के आधार पर स्कूल संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें