मऊ। मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के सरया गांव के बाहर स्थित शिव मंदिर के पास शनिवार देर रात दौड़ लगा रहे दो युवकों पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोतवाली क्षेत्र के सरया गांव निवासी सुजीत यादव (16) एवं विवेक यादव (19) शनिवार देर रात दौड़ लगा रहे थे। इसी बीच गांव के मनीष साहनी (18), कुंदन साहनी (19) एवं दीपक साहनी (21) वहां पहुंच गए। तभी उन लोगों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते आपस में मारपीट करने लगे। मारपीट करते समय एक युवक ने दूसरे पक्ष पर चाकू से प्रहार कर दिया। इस चाकूबाजी में विवेक यादव और सुजीत यादव बुरी तरह से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाल नीरज कुमार पाठक मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घायलों को सीएचसी मुहम्मदाबाद गोहना में भर्ती कराया गया। जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने सुजीत एवं विवेक को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। रविवार को सुजीत यादव के पिता रमेश यादव ने गांव के मनीष साहनी, कुंदन साहनी, दीपक साहनी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया है। कोतवाली प्रभारी नीरज कुमार पाठक ने बताया कि तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर हमलावरों की तलाश की जा रही है।