पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के आदेश पर रविवार को सौहार्द संचरण योजना के तहत शहर में जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में सौहार्द मार्च निकाला गया। इसमें सीडीओ सहित पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी मौजूद रहे। मार्च के दौरान शहरवासियों से एसपी रूबरू भी हुए। कहा, कोई भी समस्या हो हमसे कहें। पुलिस हरवक्त आप लोगों के साथ है।
शहर कोतवाली से सौहार्द संचरण योजना के तहत निकाला गया पैदल मार्च नगर क्षेत्र के सिंधी कालोनी, रौजा, सदर चौक, घास बाजार, संस्कृत पाठशाला होते हुए मिर्जाहादीपुर पहुंचा। इस दौरान मार्च की कमान पुलिस अधीक्षक शिवहरि मीणा ने स्वयं संभाली।
उनके साथ सीडीओ गिरीजेश त्यागी, एएसपी सुनील कुमार सिंह, एसडीएम सदर आरडी पांडेय, एसडीएम घोसी जगदंबा सिंह, सीओ सिटी सुशील कुमार, सीओ वंशीधर मिश्रा सहित पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी मौजूद रहे।
इनके साथ साथ कई थानाध्यक्ष और फोर्स भी पैदल मार्च में शमिल रही। फोर्स बाडी प्रोटेक्टर सहित सभी उपकरणों से लैस रही। मार्च के दौरान एसपी ने चलते चलते लोगों को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन के पुलिस महानिदेशक के आदेशानुसार लोगों से मिलने व उनमें शांति और सुरक्षा की भावना जागृत करने हेतु पैदल मार्च किया जा रहा है।
रविवार होने के बावजूद भी हजारों की संख्या में लोग सड़क पर आकर अपने पुलिस कप्तान की बातों को सुना। एसपी ने कहा कि नगर व जनपद वासियों को किसी भी तरह की समस्या हो तो वे उनसे या महकमे के किसी भी अधिकारी से मिले। उन्होंने कहा कि आम जनता के लिए मेरा दरवाजा 24 घंटे खुला है।