जिले के माध्यमिक विद्यालयों में प्रतिदिन शिक्षकों और छात्रों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज की जाएगी।
इसके लिए शिक्षा विभाग ने निर्देश जारी किया है, लेकिन ग्रामीण इलाकों के विद्यालयों में नेटवर्क सहित अन्य तकनीकी समस्या के चलते हाजिरी दर्ज नहीं हो पा रही है। ऐसे में शिक्षकों के साथ-साथ विद्यार्थियों की भी चिंता बढ़ने लगी है। शिक्षक संगठनों की तरफ से ऑनलाइन हाजिरी में आ रही तकनीकी समस्या आने के मामले में जिला विद्यालय निरीक्षक ने शासन को पत्र भेजा है।
जिले में 17 राजकीय, 67 सहायता प्राप्त तथा 436 मान्यता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय हैं। माध्यमिक विद्यालयों में नामांकन के सापेक्ष बच्चों की उपस्थिति कम रहने और शिक्षक भी दूरदराज के स्कूलों में नियमित जाने में लापरवाही बरतने की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए शासन की तरफ से पूरे वर्ष शैक्षिक माहौल को बेहतर बनाने के लिए शिक्षकों और छात्रों को ऑनलाइन हाजिरी लगाए जाने का आदेश जारी किया गया है। नए आदेश के तहत मोबाइल एप के माध्यम से लॉग इन कर प्रधानाचार्य को पहले कक्षा में ही सबकी ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करानी होगी।
प्रधानाचार्य डॉ. राकेश सिंह का कहना है कि नेटवर्क समस्या के चलते हाजिरी लगाने मेें समस्या आ रही है। शिक्षकों के साथ विद्यार्थियों की उपस्थित भी दर्ज नहीं हो पा रही है। माध्यमिक शिक्षा परिषद के जिला मंत्री डॉ. भूपेंद्र वीर सिंह ने कहा कि मोबाइल नेटवर्क न रहने सहित तमाम तकनीकी दिक्कत आ रही है।