चाचा की हत्या का आरोपी वेद प्रकाश पांडेय गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
जमीन के विवाद में चाचा का हत्यारोपी भतीजा 13 साल के बाद बिहार के हाजीपुर से गिरफ्तार किया गया। एसटीएफ गोरखपुर और दोहरीघाट पुलिस की संयुक्त टीम ने उसे पकड़ा। उसके ऊपर 50 हजार की इनामी राशि है। दोहरीघाट पुलिस ने आरोपी का चालान कर दिया।
दोहरीघाट एसओ राजकुमार सिंह ने बताया कि दोहरीघाट थाना क्षेत्र के पुरमोती गांव निवासी वेद प्रकाश पांडेय (55) ने 2001 में जमीन विवाद को लेकर अपने चाचा उमाशंकर पांडेय की गोली मारकर हत्या कर दी थी। मामले में उमाशंकर पांडेय के पुत्र रविशंकर ने वेदप्रकाश के विरुद्ध दोहरीघाट थाना में मुकदमा दर्ज कराया था।
2010 में हुआ था फरार
यहां कोर्ट में मामला जाने पर उसे जेल हो गई। तीन वर्ष जेल में रहा। फिर जमानत मिली। परिजनों ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की। जहां कोर्ट ने जिला कोर्ट के आदेश को यथावत रखा। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट गए। यहां भी हाईकोर्ट के आदेश को मान्य रखा गया। इस दौरान ही जमानत पर चल रहा वेद प्रकाश पांडेय 2010 में फरार हो गया।