जिले के 12 थानों पर शनिवार को समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान कुल 173 प्रार्थनापत्र मिले, जिनमें से 16 का मौके पर निस्तारण कराया गया।
राजस्व विभाग से संबंधित प्रार्थनापत्रों के निस्तारण के लिए राजस्व टीम को पुलिस बल उपलब्ध कराने को कहा गया। घोसी कोतवाली में प्रार्थनापत्र लेकर पहुंचे कलाफनपुर निवासी पारसनाथ शर्मा ने बताया कि उनके पड़ोसी ने रास्ता और नाली का पानी बंद कर दिया है।
इसी मामले को लेकर वह 16 समाधान दिवस और संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंच चुके हैं, लेकिन समाधान नहीं हो पाया है। घोसी कोतवाली में उपजिलाधिकारी अशोक कुमार सिंह की अध्यक्षता में सुनवाई हुई।
इस दौरान 23 प्रार्थनापत्र मिले, जिनमें से चार का मौके पर निस्तारण कराया गया। राजेश ने कस्बा खास में हो रहे नाली और सड़क निर्माण में अनियमितता, जबकि बड़ागांव निवासी मुहम्मद सैफ ने साफ-सफाई नहीं होने की समस्या प्रमुखता से उठाई।
चिरैयाकोट थाना में उपजिलाधिकारी अर्चना अग्निहोत्री की अध्यक्षता में सुनवाई हुई। इस दौरान 16 मामले सामने आए, जिसमें 15 राजस्व और एक पुलिस से संबंधित मामला था। प्रार्थनापत्र मिलने के बाद वह वार्ड नंबर 11 महतवाना मोहल्ला में निर्माणाधीन नाला का निरीक्षण करने पहुंच गईं।
उन्होंने देखा कि नाला खोदने के बाद मिट्टी सड़क पर ही छोड़ दी गई है, जो बारिश के बाद कीचड़ बनकर सड़क पर बिखरी थी। उन्होंने नगर पंचायत के लिपिक सत्येंद्र कुमार और जिम्मेदार कर्मचारियों को फटकार लगाते हुए तीन दिन के भीतर पूरा कीचड़ साफ करने को कहा।
ऐसा नहीं करने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी। मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली में समाधान दिवस पर 11 प्रार्थनापत्र मिले, जिनमें आठ राजस्व विभाग और तीन पुलिस से संबंधित थे। पुलिस विभाग की एक शिकायत का निस्तारण किया गया। तीन मामलों के निस्तारण के लिए मौके पर टीम भेजी गई।