मऊ जिले के मधुबन के सरायमेवा गिरि ग्राम पंचायत के मुतलिता जजौली निवासी निवासी एक व्यक्ति को रिपोर्ट कोरोना निगेटिव आने के बाद भी उसे एल वन या एल-टू अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। बाद में जब पीड़ित कोपागंज स्थित एल-1 पहुंचा तो डाक्टर ने पर्चा देखकर उसे निगेटिव बताया। इसके बाद पीड़ित ने राहत की सांस ली।
मुतलिका जजौली निवासी राम बचन राजभर ने बीते दिनों अपनी जांच कराई। उसकी रिपोर्ट निगेटिव आई लेकिन व्यक्ति को रिपोर्ट की जानकारी नहीं थी। वह दुबारा जिला अस्पताल पहुंचा तो डाक्टर ने निगेटिव रिपोर्ट देखने के बाद उसे कोविड अस्पताल परदहा या कोपागंज जाने की सलाह दी। पीड़ित जब परदहां स्थित एल-2 अस्पताल पहुंचा तो वहां डाक्टर ने होम आइसोलेशन में उपचार करने का सुझाव दिया। इसके बाद भी स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कोई खोज खबर नहीं ली। दूसरे दिन वह कोपागंज स्थित एल-1 कोविड अस्पताल पहुंचा तो वहां चिकित्सक ने परचा देखकर बताया कि वह निगेटिव है। इसके बाद पीड़ित ने राहत की सांस ली। आरएसएस के खंड कार्यवाहक घनश्याम यादव ने सीएमओ से इस लापरवाही की शिकायत की। सीएमओ ने प्रकरण की जांच कराने और कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।