मऊ। यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के शुक्रवार को जारी परीक्षा परिणाम में लड़के आगे रहे। इंटर में सुभागी देवी इंटर काॅलेज मधुबन के नीरज पासवान ने 91 प्रतिशत और हाईस्कूल में बीटीडीजीवी इंटर काॅलेज सोनाडीह के शुभम सिंह ने 95.33 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले में प्रथम स्थान हासिल किया है। जिले में इंटर का रिजल्ट 81.31 प्रतिशत रहा। जबकि हाईस्कूल का रिजल्ट 93.30 प्रतिशत रहा।
वहीं इंटर में एफजीआईसी फतेहपुर की आंचल सिंह ने दूसरा और शहीद इंटर काॅलेज मधुबन के सुधीर ने 89.30 प्रतिशत अंक हासिल कर तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं हाईस्कूल में शिक्षा निकेतन इंटर काॅलेज दुबारी के सूरज मौर्या ने 94.50 प्रतिशत और कमला उमावि छपरा मऊ की नैंसी जायसवाल ने 94.50 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले में दूसरा स्थान हासिल किया।
केएनएसआईसी इंटर काॅलेज रैकवारडीह की अंशु चौहान ने 94.33 प्रतिशत और भगत सिंह इंटर काॅलेज अन्नूपार केरमा के सुकृति यादव ने 94.33 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले में तीसरा स्थान हासिल किया है।
जिले में 520 माध्यमिक विद्यालय हैं। हाईस्कूल में 39241 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। परीक्षा में 35994 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। हाईस्कूल का रिजल्ट 93.30 प्रतिशत रहा। इंटर में 39533 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। परीक्षा में 38445 परीक्षार्थी शामिल हुए। इंटर का रिजल्ट 81.31 प्रतिशत रहा। जिले के अधिकांश विद्यालयों का रिजल्ट शानदार रहा। जिला विद्यालय निरीक्षक वीपी सिंह ने परीक्षा में सफल छात्र-छात्राओं को बधाई दी।
रिजल्ट को लेकर सुबह से तेज रही परीक्षार्थियों के दिलों की धड़कनें
मऊ। बोर्ड द्वारा घोषित होने वाले रिजल्ट के मद्देनजर शुक्रवार को सुबह से ही परीक्षार्थियों के दिल की धड़कनें तेज थी। रिजल्ट दोपहर बाद वेबसाइट पर आ गया। पहला बोर्ड होने के कारण हाईस्कूल के छात्र चिंतित थे। विद्यालय के शिक्षक भी परिणाम जानने के लिए लगे रहे। सफलता मिलने पर मिठाइयां बंटी। मंदिरों में प्रसाद चढ़े। मोबाइल और इंटरनेट आदि माध्यम से मित्रों और रिश्तेदारों व नातेदारों को रिजल्ट की जानकारी दी। रिजल्ट चकाचक होने से अधिकांश छात्रों के चेहरे पर मुस्कान देखते ही बन रही थी।