मधुबन ब्लॉक स्तरीय गणित ओलंपियाड में चयनित मेधावी छात्र छात्रा व शिक्षक। संवाद
- फोटो : Archive
मधुबन। नगर पंचायत के नहर रोड स्थित ब्लॉक संसाधन केंद्र परिसर में शुक्रवार को आयोजित ब्लॉकस्तरीय गणित ओलंपियाड में उच्च प्राथमिक विद्यालय मधुबन की छात्रा नीलम ने 48 अंक प्राप्त कर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया।
इसी विद्यालय के प्रिंस कुमार ने 43 अंक प्राप्त किए। कंपोजिट विद्यालय तिनहरी के शिवम ने भी 43 अंक हासिल कर टॉप टेन में जगह बनाई।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले इन विद्यार्थियों सहित कुल 10 छात्र-छात्राओं का चयन जिलास्तरीय गणित ओलंपियाड के लिए किया गया है। प्रतियोगिता में ब्लॉक के 47 उच्च प्राथमिक विद्यालयों के कुल 94 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।
प्रत्येक विद्यालय से दो-दो विद्यार्थियों ने विद्यालय स्तर पर आयोजित परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद ब्लॉक स्तरीय परीक्षा में प्रतिभाग किया। परीक्षा में कुल 30 प्रश्न पूछे गए, जिसके लिए 90 मिनट का समय निर्धारित था।
परीक्षा कुल 50 अंकों की थी। टॉप टेन में कंपोजिट विद्यालय पदारथपुर के आयुष गुप्त, चक्की मुसादोही के अभय यादव, परसूपुर के अजय, सिद्धा अहिलासपुर की अंशिका, मर्यादपुर के इरसाद, लौवासाथ की लक्ष्मी यादव और लधुवाई के प्रियांशु ने भी स्थान बनाया।
इस मौके पर एआरपी समर बहादुर सिंह, कन्हैया यादव, रणंजय मल्ल, यादव वंदना आदि मौजूद थे।