घोसी कोतवाली पुलिस द्वारा धोखाधड़ी के मामले में पकड़ा गया अभियुक्त।संवाद
- घोसी कोतवाली के जमालपुर मिर्जापुर गांव के रहने वाले हैं आरोपी, जमीन दिलाने के नाम पर चाची से हड़पे थे रुपये
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
घोसी। स्थानीय कोतवाली पुलिस ने मंगलवार शाम 1.34 करोड़ रुपये गबन के आरोपी घोसी नगर पंचायत के सभासद पद्माकर मौर्य उर्फ सिंटू और उसके भाई दिवाकर मौर्य को गिरफ्तार कर लिया। मामले की सुनवाई के बाद न्यायालय ने दोनों को जेल भेज दिया। चाची संगीता मौर्य की शिकायत पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ 24 मार्च 2024 को धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया था। आरोप है कि संगीता मौर्य का भतीजा व घोसी नगर पंचायत का सभासद पद्माकर मौर्य उर्फ सिंटू, उसका भाई दिवाकर मौर्य और भाई की पत्नी सोनी सिंह लखनऊ में जमीन दिलवाने के लिए वर्ष 2018 से 22 जुलाई 2022 तक 12 जगह की जमीन बिकवाकर 97.75 लाख रुपये बैंक के माध्यम से, 14 लाख और 23 लाख रुपये नकद ले लिए। काफी समय बीतने के बाद भी जमीन नहीं दिलाए, पैसे मांगने पर धमकी देते थे।
मुकदमा दर्ज होने के बाद से तीनों फरार थे। मामला मऊ दीवानी कोर्ट में पहुंचा, वहां से बार-बार नोटिस जारी होने के बाद भी तीनों हाजिर नहीं हो रहे थे। न्यायालय के आदेश पर बीते मई में पुलिस ने आरोपियों के घर पहुंचकर कुर्की के लिए धारा 82 की नोटिस चस्पा किया था। जुलाई में कोर्ट ने सोनी सिंह को जेल भेज दिया था, जिसे बाद में जमानत मिल गई। नोटिस चस्पा होने के बाद भी हाजिर नहीं होने पर कोर्ट ने दोनों के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी कर दिया। इसके अनुपालन में पुलिस ने मंगलवार को दिवाकर मौर्य के उसके घर से और पद्माकर मौर्य कोे लखनऊ के गोयल अपार्टमेंट से गिरफ्तार कर लिया।
-
कोट -
करोड़ो रुपये गबन के आरोप में सभासद और उसके भाई के खिलाफ कोर्ट में मुकदमा चल रहा था। नोटिस भेजने और धारा 82 की नोटिस चस्पा करने के बाद भी दोनों हाजिर नहीं हो रहे थे। गैर जमानती वारंट जारी होने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों को उनके ठिकानों से गिरफ्तार किया है।
- प्रमेंद्र सिंह, प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली, घोसी