फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mau News: जिले के 522 छठ घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब, 3.50 लाख श्रद्धालुओं ने दिया भागवान भास्कर को अर्घ्य

विज्ञापन
छठ पूजा करतीं मधुबन नगर पंचायत अध्यक्ष आरती मल्ल ।संवाद
विज्ञापन
मऊ। ''कांचहि बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाए..., केलवा जे फरेला घवद से, ओह पर सुगा मेड़राय ... डाला छठ पर्व पर कुछ ऐसी ही गीतों से जनपद का कोना-कोना गूंजता रहा। सोमवार को जिले के 522 घाटों पर 3.50 लाख से ज्यादा व्रतियों ने अर्घ्यदान किया। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक छठ घाट 70 फीसदी तक भरे रहे।
विज्ञापन

डाला छठ पर नगर सहित जिले के विभिन्न इलाकों में नदी, तालाब, पोखरों के पवित्र तट पर बने घाटों पर परिवार की सुख शांति और संपन्नता के अलावा पुत्र प्राप्ति की कामना को लेकर निर्जला व्रत रखने वाली महिलाओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अस्तांचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्यदान किया। फूल और अन्य पूजन सामग्रियों के साथ महिलाएं परंपरागत रूप से गाजे बाजे के साथ छठ माता के गीत गाते हुए अपने घरों से निकलीं। नदी और पोखरोंं के घाटों पर मेले जैसा दृश्य रहा। इस बीच खासतौर से तमसा और सरयू तट पर श्रद्धालु महिलाओंं की भीड़ उमड़ी। छठ पूजा मंगलवार की सुबह उगते सूर्य को होने वाले अर्घ्यदान के साथ पूरी होगी। इसके साथ ही व्रती पारण करेंगी। 36 घंटे का व्रत पूरा होगा।व्रती महिलाएं छठ पूजा के लिए सूप और डलियां को पूजा सामग्री और फलों से घाटोंं पर पहुंची। जहां उन्होंने परंपरा निभाई। नगर क्षेत्र के भीटी तमसा पुल के घाट, तमसा तट स्थित हनुमानघाट, ढेकुलियाघाट, गायघाट, रामघाट, बमघाट, मड़ैयाघाट, सत्तीघाट, नागा बाबा की कुटी सहित 25 घाटों पर महिलाओं की भारी भीड़ देखी गई।
नगर के सभी घाट श्रद्धालुओं से भरे रहे
नगर क्षेत्र के ब्रह्मस्थान पोखरा, शीतला माता धाम, वनदेवी धाम, देवलास स्थित सरोवर पर भी भारी संख्या में जुटी व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी भगवान भाष्कर को अर्घ्यदान किया। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से चहुंओर मेला जैसा दृश्य रहा। उधर, पर्व को लेकर नगर के सहादतपुरा, मुुंशीपुरा, चौक, गोला बाजार, घास बाजार, भीटी, मिर्जाहादीपुरा सहित जिले के मुहम्मदाबादगोहना, मधुबन, दोहरीघाट, घोसी, चिरैयाकोट सहित विभिन्न बाजारों में फल, पूजन सामग्रियों सहित विभिन्न सामानों के स्टॉल पर दोपहर तक लोगों को खरीदारी करते देखा गया।
विज्ञापन


इनसेट
हर घाट पर नाव के साथ दो गोताखोर रहे तैनात
छठ पर जिला प्रशासन की तरफ से नगर सहित जिले में नदी, पोखरा, तालाब सहित 522 घाट बनाए गए थे। साफ सफाई कर आकर्षक लाइटिंग की गई थी। इसके साथ ही बैरिकेटिंग की गई थी। प्रत्येक घाट पर नाव के साथ दो-दो गोताखोर की तैनाती की गई थी।

इनसेट
मजिस्ट्रेट रख रहे थे पल-पल की नजर
छठ को सकुशल संपन्न कराने के लिए सोमवार को जिले को दो जोन में बांटा गया। दो जोन में आठ सेक्टर बनाए गए थे। प्रत्येक सेक्टर में एक-एक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी। सुपर जोनल मजिस्ट्रेट पीके पांडेय, अंजनी पांडेय पल-पल की रिपोर्ट जिलाधिकारी को दे रहे थे।





बूढ़ी मांगे नाती, तरुनी मांगे बेटा, बिटिया जे मांगेली भाई भतीजा
कोपागंज। संतति संरक्षण संवर्धन का अलौकिक तपपर्व सूर्यषष्ठी पर नदी, पोखरा घाटों, के साथ ही कुंआ, घरों के समीप बने कृत्रिम जलाशयों पर व्रती महिलाओ ने अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्यदान विधि विधान से दिया। दोपहर बाद से ही सजी महिलाएं ने बच्चों के साथ घाटों की ओर चल दीं। घर के पुरुष सदस्य सिर पर दौरा उठाए श्रद्धा के साथ घाट की ओर बढ़े चलते रहे। सामान्य पूजा के साथ ही कई घरों में मनौती पूरी होने पर कोसी भरने का भी कार्यक्रम था। गन्ने पर चुनरी के साथ दौरा ढके परिवार की महिलाएं हाथ में लोटा लिए चल रही थीं। पीछे से बैंड बाजे के साथ हुजूम अनोखा माहौल बनाए हुए था। सास दादी अम्मा के साथ बहुरिया भी सज धज कर गीत गाती आस्था के महापर्व में अहम भूमिका निभा रही थीं। बूढ़ी मांगे नाती '' तरुनी मांगे बेटा '' बिटिया जे मांगेली भाई रे भतीजा ए छठी माता ... इस आंचलिक गीत पर्व का पूरा मंतव्य ही समाया हुआ था। कस्बा के थाने के पीछे स्थित पोखरे पर अद्भूत नजारा बना रहा। शहरोज स्थित तमसा नदी देवकली फतहपुर ताल नरजा क्षेत्र के सभी जलायशों और नहरों आदि पोखरों पर भीड़ उमड़ी रही। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अरशद रियाज, सभासद बुद्धिराम सहित कार्यकर्ताओं ने मंच लगाकर भीड़ को नियंत्रण करने के अलावा व्रती महिलाओ को अर्घ्य के लिए दूध आदि की मुकम्मल व्यवस्था की गई थी।

दोपहर तक होती रही खरीदारी
इंदारा। छठ को लेकर सोमवार को लोगों में श्रद्धा का भाव दिखा। क्षेत्र के इंदारा, कसारा, महुआर, रईसा, अदरी, बाड़ा, शाहपुर, अलीनगर सहित तमाम छठ घाटों पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। तमाम छठ घाटों पर श्रद्धा व भक्ति के इस संगम से माहौल में भक्ति का रस घुला रहा। सोमवार को ग्रामीण इलाके में मौजूद छठ घाटों पर व्रत धारण करने वाली महिलाएं छठ गीत गाते पहुंची। इस बीच व्रती महिलाएं परिवार के सदस्यों के साथ पहुंचकर छठी मईया व भगवान सूर्य की पूजा की। शाम चार बजे से ही पूजा अर्चना का यह दौर प्रारंभ हो गया। शाम तक तमाम छठ घाटों पर महिलाएं पूजा अर्चना में लगी रहीं। भगवान सूर्य के अस्त होने के समय महिलाओं ने उन्हें अर्घ्य अर्पित किया। इस बीच परिवार के सभी सदस्य भी पूजा अर्चना के दौरान बनाए गए घाट पर मौजूद रहे। छठ को लेकर सोमवार को दोपहर तक लोग खरीदारी करते देखे गए। छठ पूजा को लेकर बाजार में सामानों की खरीद में एक ओर जहां लोग लगे रहे वहीं दूसरी ओर कोसी पूजन के लिए ईंख के इंतजाम में परिवार के बढ़े बुजुर्ग लगे दिखे।

-

रात में घरों में किया गया कोसी पूजन

सोमवार की शाम अस्ताचलगामी भगवान भाष्कर को अर्घ्य दिए जाने के बाद रात में महिलाओं ने घरों में कोसी का पूजन किया। पूरी रात महिलाओं ने अपने घर में बेदी बनाकर छठी मइया की पूजा अर्चना की। इस बीच घरों में भी छठी मईया के गीत के कारण माहौल पूरी तरह से भक्तिमय बना रहा।

सूरजपुर में सुरक्षा के रहे इंतजाम
सूरजपुर। रसूलपुर चौकी प्रभारी ने छठ पर्व को लेकर सूरजपुर स्थित घाट पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। घाट की सफाई भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा की तैयारियों का निरीक्षण किया। घाट पर पर्याप्त रोशनी, बैरिकेडिंग और गोताखोरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने का संबंधित विभाग को निर्देश दिया।
बाजारों में हुई फलों की बंपर बिक्री
मधुबन। आस्था के महापर्व छठ पर बाजारों में फलों की बंपर बिक्री देखी गई। रविवार देर रात तक खरीदारी जारी रही। वहीं सोमवार सुबह से ही बाजारों में ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। दुकानों पर सीजन वाले फलों के साथ-साथ ऑफ सीजन और दुर्लभ फल भी उपलब्ध रहे। फल विक्रेताओं का कहना रहा था कि अच्छा कारोबार हुआ। सोमवार सुबह से ही ग्राहकों की अच्छी भीड़ बनी रही। इस बार पिछले वर्ष की तुलना में अधिक दुकानें लगी हैं, फिर भी ग्राहकों की कोई कमी नहीं है। आस्था के इस पर्व को लेकर लोगों में उत्साह चरम पर है। एसडीएम राजेश अग्रवाल ने कई घाटों का निरीक्षण किया। वहां की साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।


भक्तों के लिए की गई थी निशुल्क बिस्किट, चाय
वलीदपुर। डाला छठ पर श्री छठ सेवा ग्रुप की तरफ से मुहम्मदाबाद गोहना तमसा नदी के रामघाट पर पर्व में शामिल भक्तों और अन्य लोगों को नि:शुल्क बिस्किट और चाय की व्यवस्था की गई। इस दौरान रामाश्रय यादव, दीनदयाल जायसवाल, बनवारी सोनकर, राजेश कुमार, राहुल गुप्ता, धनंजय, सोमनाथ कश्यप, अनुराग गुप्ता, धर्मवीर, संतोष कश्यप, पप्पू मोदनवाल आदि शामिल थे।

छठ पूजा करतीं मधुबन नगर पंचायत अध्यक्ष आरती मल्ल ।संवाद

छठ पूजा करतीं मधुबन नगर पंचायत अध्यक्ष आरती मल्ल ।संवाद

छठ पूजा करतीं मधुबन नगर पंचायत अध्यक्ष आरती मल्ल ।संवाद

छठ पूजा करतीं मधुबन नगर पंचायत अध्यक्ष आरती मल्ल ।संवाद

छठ पूजा करतीं मधुबन नगर पंचायत अध्यक्ष आरती मल्ल ।संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें