थाना हलधरपुर के नसीराबाद कला गांव के दलपतपुर मोर्चा मौजे में रविवार की रात झगड़े का बीचबचाव करने गए अधेड़ की पीट पीटकर हत्या कर दी गई। जबकि अधेड़ के पिता की हालत भी गंभीर हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद ग्रामीणों ने शव को थाने में रखकर प्रदर्शन किया। पुलिस ने एक ही परिवार के चार लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।
हलधरपुर थाना क्षेत्र के नसीराबाद कला ग्राम पंचायत के दलपतपुर मोर्चा निवासी अवधेश (45 ) पुत्र नगीना यादव रतनपुरा बाजार में सब्जी की दूकान करता है। रविवार की रात वह दूकान बंद करके घर पहुंचा तो उसकी पत्नी मीना देवी से पड़ोस के विजय की पत्नी देवंती से विवाद चल रहा था।
अवधेश जब बीच बचाव करने पहुंचा तो दोनों परिवार के लोग आमने सामने हो गए। देवंती से अवधेश और उसकी पत्नी मीना देवी को देवंती से झगड़ते देखकर उसके दोनों पुत्र सुनील और अनिल लाठी डंडा लेकर पहुंचे।
अवधेश को पास स्थित खेत में ही लाठी डंडों से पीटने लगे। बेटे को पीटते हुए देख नगीना जब छुड़ाने पहुंचे तो उन्हें भी मारपीट कर घायल कर दिया। घटना के बाद अवधेश मरणासन्न हो गया।
ग्रामीण अवधेश को आनन फानन अस्पताल ले जा रहे थे कि रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। उसके पिता नगीना को अस्पताल ले जाया गया। परिवारीजन शव लेकर रात में घर चले गए। सुबह गांव के लोग शव लेकर थाने पहुंचे और मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के गिरफ्तारी की मांग करने लगे।
मीना देवी की तहरीर पर पुलिस ने विजय यादव, उसकी पत्नी देवंती, पुत्री सुनील एवं अनिल के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही लेकिन सभी फरार बताए जा रहे हैं।