नगर के बंधा रोड पर लगाया गया कूड़ेदान।
- फोटो : mau
क्वालिटी कंट्रोल आफ इंडिया की टीम स्वच्छता सर्वेक्षण 2019 के लिए नगर में कभी भी धमक सकती है। ऐसे में शहर को बेहतर रैंकिंग के लिए नगर पालिका नगर को साफ सुथरा रखने की कवायद में जुट गई है। 48 लाख की लागत से नगर में 2 हजार डस्टबीन रखवाने की तैयारी की जा रही है। हर गली, चौराहो और मोहल्ले में रखे कंटेनर को रंगरोगन भी कराया जा रहा है। सफाई कर्मचारियों की छुट्टी कैंसिल कर दी गई है तो वहीं इंफोर्समेंट टीम को भी सर्वेक्षण खत्म होने तक रविवार की छुट्टी में भी ड्यूटी करने का फरमान जारी किया गया है।
नगर पालिका द्वारा नगर को स्वच्छ रखने के उदेश्य से सभी 42 वार्डो में पिछले एक माह में गीला कचरा और सूखा कचरा संग्रहण के लिए एक ही स्टैंड में लगे 250 डस्टबीन लगाया गया है। इसके अलावा गाजीपुर तिराहा, भीटी चौक, बालनिकेतन मोड़, आजमगढ़ मोड़ सहित मुख्य मार्गो के अलावा वार्डो में 500 कंटेनर रखवाया गया है। वहीं इसके अलावा 250 कंटेनर के लिए टेंडर जारी किया जा चुका है। उधर इस माह कभी भी क्यूसीआई टीम के संभावित निरीक्षण और नगर को बेहतर रैंकिंग दिलाने को लेकर पालिका द्वारा सफाई कर्मचारियों की छुट्टी कैंसिल कर दी गई है।
साथ ही इंफोर्समेंट टीम को भी सर्वेक्षण खत्म होने तक रविवार की छुट्टी में भी ड्यूटी पर तैनात रहने को कहा गया है। साथ ही उन्हें गंदगी फैलाने वाले, बिल्डिंग मैटेरियल रोड किनारे गिराने वाले और कचरा फेंकने वालों पर अर्थदंड लगाने के साथ ही कार्रवाई करने का निर्देश जारी किया गया है। इस बाबत सफाई निरीक्षक नरेश कुमार का कहना है कि स्वच्छता अभियान को लेकर टीम गठित करने के साथ बाजारों, वार्डो में डस्टबीन रखवाया जा रहा है।