आजमगढ़। तरवां थाने में दर्ज गैंगेस्टर के मुकदमे में बृहस्पतिवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी की बांदा जेल से गैंगेस्टर कोर्ट में पेशीहुई। मुख्तार ने प्रदेश सरकार पर विद्वेष की भावना से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। इस मामले में अगली सुनवाई 24 मई को होगी। मुख्तार से पूछताछ के लिए पुलिस टीम बांदा जेल जाएगी इसके लिए कोर्ट ने अनुमति दे दी है।
वर्ष 2014 में ठेकेदारी के वर्चस्व को लेकर मुख्तार अंसारी के गुर्गों ने तरवां के ऐरा कला में सड़क का निर्माण करा रहे एक ठेकेदार पर हमला किया था। ठेकेदार तो बच गया लेकिन दो मजदूर घायल हो गए थे। इनमें से एक की मौत हो गई। इस मामले में मुख्तार समेत दस आरोपियों पर गैंगेस्टर लगा था।
मुख्तार के पंजाब के रूपनगर जेल में बंद होने से अब तक उसकी पेशी नहीं हो पा रही थी। अब बांदा जेल में आने के बाद बृहस्पतिवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए उसकी गैंगेस्टर कोर्ट में पेशी हुई। सूत्रों के अनुसार 20 मिनट की पेशी के दौरान मुख्तार गुहार ही लगाता रहा। प्रदेश सरकार पर विद्वेष की भावना से उसे परेशान करने का आरोप लगाते हुए जेल में अपनी सुरक्षा को लेकर भी उसने सवाल उठाए। मुख्तार अंसारी की तरफ से मौजूद उसके अधिवक्ता दरोगा सिंह ने बताया कि पेशी के दौरान मुख्तार ने कहा कि जेल से उसे परिजनों से भी बात नहीं करने दिया जा रहा है। जेल मैनुअल के हिसाब से उसे सुविधाएं नहीं उपलब्ध कराई जा रही हैं।