हाईस्कूल की परीक्षा में जिले में आठवींं रैंक हासिल करने वाली छात्रा अमृता यादव को मिठाई खिलाते
कोपागंज शिक्षा क्षेत्र कोपागंज के एकौना चौबेपुर स्थित किशनदेई इंटर कॉलेज की कक्षा 10 की छात्रा अमृता यादव ने हाई स्कूल की परीक्षा में 95.17 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में आठवां स्थान हासिल किया है।
करीब आठ साल पहले पिता राम शब्द यादव की मानसिक स्थिति ठीक न होने के कारण वे गुम हो गए। अभी तक उनका कोई पता नहीं चल सका है। इसके बाद गृहिणी मां राजमती देवी और किसान भाई गुड्डू यादव ने तीन बहनों को शिक्षा दिलाने का संकल्प लिया।
अमृता यादव ने अपनी सफलता का श्रेय मां, भाई, स्कूल के प्रबंधक संजय कुमार चतुर्वेदी, प्रधानाचार्य मोहम्मद गजाली और शिक्षक अंबिका यादव को दिया। उन्होंने बताया कि घर और गृहस्थी के काम में हाथ बंटाने के साथ उन्होंने अपनी पढ़ाई पूरी लगन से की। उनकी पढ़ाई का रूटीन रात 7 बजे से 12 बजे तक रहता था।
अमृता ने कहा कि उनका लक्ष्य यूपीएससी क्वालीफाई कर कलेक्टर बनना है। अमृता की मां राजमती देवी ने कहा कि उनकी तीन बेटियां हैं और कठिन हालात में भी वे जहां तक पढ़ सकती हैं, उन्हें पढ़ाया जाएगा। प्रबंधक संजय कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि अमृता की शिक्षा में धन कभी बाधा नहीं बनेगा।