निर्मल तमसा अभियान को मिल रहा समर्थन और सहयोग बढ़ता जा रहा है। इससे प्रशासन भी उत्साहित है। लोगों के सहयोग को देखते अभियान की मियाद को दूसरी बार बढ़ाया गया है। सोमवार को जिलाधिकारी ने निर्मल तमसा अभियान को दस दिन और चलाने की बात कही।
साथ ही उनके आमंत्रण पर मंगलवार से पुलिस अधीक्षक शिवहरि मीणा भी निर्मल तमसा अभियान में अपने हमराहियों के संग शामिल होंगे। अभियान के चौदहवें दिन निर्मल तमसा अभियान को सफल बनाने के लिए सफाई कर्मचारी के साथ सामाजिक संगठन जुटे रहे। हनुमानघाट पूरी तरह से साफ हो गया है। साथ ही अवरोध हटाने से तमसा के बहाव को गति मिल गई।
सोमवार की सुबह छह बजे के करीब सीडीओ गिरिजेश त्यागी और सिटी मजिस्ट्रेट अमरनाथ राय के साथ अन्य सभी अधिकारी अपने-अपने घाटों पर पहुंचे। इस दौरान सीडीओ पहले गायघाट बाद में भ्रमण करते हुए हनुमानघाट पर पहुंचे। यहां मलबे को हटा देख वे आश्चर्यचकित हो गए। इसी क्रम में आठ बजे के करीब जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव गाय घाट के बाद अन्य घाटों पर पहुंचकर साफ सफाई के लिए होने वाले कार्यो का अवलोकन किए।
गाय घाट पर मलबे को हटाने में तेजी लाने का निर्देश दिए। साथ ही बोले जबतक तमसा पूरी तरह से निर्मल नहीं हो जाती अभियान जारी रहेंगा। डीएम ने अभियान को दस दिन और बढ़ाने का निर्णय किया है। इसके अलावा मड़ईयाघाट, गायघाट, हनुमान घाट पर तमसा को निर्मल बनाने की कवायद आज भी जारी रही। सफाई कर्मचारी तमसा को निर्मल बनाने में जुटे रहें। डीएम के आदेश पर सोमवार को ढेकुलिया घाट के सामने नदी के पाट में जमी सिल्ट को हटाने की कवायद शुरू हो गई।