भातकोल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर जन आरोग्य मेला में मरीजों का उपचार करते डॉक्टर
- फोटो : टूंडला के जरौली कट पर हादसे के बाद खड़ वाहन व लोग पुलिस
मऊ। जिले के चार शहरी स्वास्थ्य केंद्रों सहित 40 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) परिसरों में रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में कुल 1,659 मरीजों का उपचार किया गया। इनमें 500 से अधिक मरीज वायरल बुखार, खुजली, दाद और अन्य त्वचा संबंधी बीमारियों से पीड़ित मिले। वहीं, गंभीर स्थिति वाले 24 मरीजों को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेफर किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. पंकज राय ने बताया कि नगर के हनुमान नगर पीएचसी में 45, छोटी महारानी में 51 और डोमनपुरा पीएचसी में 65 मरीजों का उपचार किया गया। इन केंद्रों पर 75 से अधिक मरीज वायरल बुखार, दस्त, पेट दर्द और त्वचा रोग की शिकायत लेकर पहुंचे।
सीएमओ ने बताया कि पिछले दो-तीन जन आरोग्य मेलों से त्वचा रोग के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। उन्होंने लोगों से साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने तथा मीठे और जंक फूड का कम सेवन करने की सलाह दी। साथ ही संक्रमण से बचाव के लिए भीड़-भाड़ वाले स्थानों से बचने, संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से परहेज करने और दाद फैलने या अत्यधिक खुजली एवं जलन होने पर तुरंत चिकित्सक से परामर्श लेने की अपील की। उन्होंने बताया कि आरोग्य मेले में उपचार पाने वालों में 753 पुरुष, 758 महिलाएं और 148 बच्चे शामिल रहे। गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल और संबंधित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में रेफर किया गया।