मुहम्मदाबाद गोहना। स्थानीय कस्बा के पब्लिक बालिका इंटर कॉलेज में शूटिंग और अन्य विधाओं का प्रशि
मुहम्मदाबाद गोहना कस्बे के पब्लिक बालिका इंटर कॉलेज में 30 यूपी गर्ल्स बटालियन (एनसीसी), आजमगढ़ के तत्वावधान में 10 दिवसीय कैडेट्स प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
शिविर के दौरान छात्राओं को विभिन्न सैन्य और व्यावहारिक गतिविधियों का गहन प्रशिक्षण दिया जा रहा है। शुक्रवार को शिविर में कैडेट्स को .22 राइफल चलाने का विशेष प्रशिक्षण दिया गया।
इसके साथ ही वाद-विवाद प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने विचार व्यक्त किए। कैंप इंचार्ज कर्नल अमिताभ मुखर्जी ने बताया कि इस 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में वाराणसी, जौनपुर, आजमगढ़, मऊ और गाजीपुर जिलों की 300 से अधिक बालिका कैडेट्स भाग ले रही हैं।
शिविर के दौरान उन्हें परेड, फायरिंग, सांस्कृतिक कार्यक्रम, व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमता से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
कर्नल मुखर्जी ने आगे बताया कि इस कैंप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली कैडेट्स का चयन बरेली में आयोजित होने वाली राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। चयनित कैडेट्स वहां अपने जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगी।
इस अवसर पर कर्नल राना बानो, कर्नल अनिता राय, केशव कुमार और शेख अब्दुल्ला राशिद सहित कई अधिकारी एवं प्रशिक्षक उपस्थित रहे।