उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देश के क्रम में विभिन्न चरणों में आईआरएस (इंसीडेंट रिस्पांस सिस्टम) आधारित बाढ़ आपदा पर राज्य स्तरीय मॉक एक्सरसाइज के क्रम में मंगलवार को टेबल टॉप एक्सरसाइज कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस आयोजन के दौरान राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और बाढ़ से संबंधित विभागों के राज्य स्तरीय अधिकारियों ने बाढ़ के पूर्व, बाढ़ के दौरान और बाढ़ के बाद विभिन्न विभागों द्वारा किए जाने वाले कार्यों के लिए आवश्यक निर्देश दिया।
बाढ़ से संबंधित विभागों के समस्त जनपदस्तरीय अधिकारी भी जूम मीटिंग के माध्यम से जुड़े रहे। अपर जिलाधिकारी सत्यप्रिय सिंह ने बताया कि मॉक एक्सरसाइज के क्रम में 26 जून को जनपद के बाढ़ प्रभावित तहसीलों मधुबन, घोसी में मॉक एक्सरसाइज का आयोजन किया जाएगा। तहसील घोसी में कस्बा नगर पंचायत दोहरीघाट, दोहरीघाट पुल के पूरब नाव पलटने की घटना,नदी में डूबते हुए व्यक्ति को बचाने का कार्य और प्राथमिक उपचार कार्य का मॉक ड्रिल किया जाएगा। अपर जिलाधिकारी ने बताया कि जिला प्रशासन बाढ़ को लेकर पूरी तरह सतर्क है। पूर्व में ही सारी तैयारियां कर लेने के निर्देश समस्त संबंधित विभागों को दिए गए हैं। इसके अलावा 26 जून को होने वाले मॉक ड्रिल को भी लेकर सारी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है।