अमिला। घोसी कोतवाली के दो गांवों में स्थित ईंट भट्ठे पर सोमवार की रात कच्छा बनियान पहने बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। बदमाशों ने दोनों जगहों पर मजदूरों को तमंचा की नोक पर उनसे 11 हजार रुपये छीनकर फरार हो गए। एक घंटे के बीच दो जगहों कच्छा बनियान पहले बदमाशों की इस घटना से पुलिस अधिकारियों के माथे पर बल पड़ गया। सूचना मिलने के बाद पूरी रात पुलिस इन बदमाशों को पकड़ने का प्रयास में रही, लेकिन विफल रही।
सोमवार की रात करीब 11.30 बजे 10 से अधिक संख्या में मुंह ढके हुए और कच्छा बनियान पहने बदमाशों ने राजकुमार यादव के बोझी बाजार स्थित भट्ठे पर पहुंचे। यहां बदमाशों ने सो रहे मजदूरों को डरा धमका कर उनके पास रखा तीन हजार दो सौ रुपये और तीन मोबाइल छीनकर फरार हो गए। इसके बाद यह बदमाश कुड़हनी गांव निवासी सुरेश यादव के बड़राव स्थित ईंट भट्ठे पर पहुंचे। बदमाशों ने यहां दो मजदूरों को धमका कर उनका मोबाइल फोन और आठ हजार रुपया छीन लिया। इसके बाद शोर न मचाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए बदमाश फरार हो गए। उधर एक साथ दो ईंट भट्ठे पर हुए कच्छा बनियान पहने बदमाशों की इस घटना की सूचना मिलते ही रात में घोसी सीओ, घोसी प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस ने बदमाशों की तलाश में गश्त करते रहे। लेकिन बदमाश पुलिस की गिरफ्त से दूर रहे। घटना की जानकारी होने पर अपर पुलिस अधीक्षक एसपी त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी मौके पहुंचे और मामले की जानकारी किए। इस बाबत सीओ घोसी धनंज्जय मिश्रा का कहना है कि मामले में पुलिस पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।