हलधरपुर (मऊ)। थाना क्षेत्र के इटौरा बाजार में किराने की दुकान में घुसकर बुधवार की शाम लगभग पांच बजे बाइक सवार छह बदमाशों ने दुकानदार के तीन बेटों को चाकू मार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। चट़्टी के लोगों ने दो हमलावरों को पकड़कर उनकी धुनाई कर दी। पिटाई से हमलावर भी घायल हो गये। पांचों घायलों को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। अन्य हमलावर मौके से भाग गए।
इटौरा बाजार निवासी छोटे गुप्ता की किराने की दुकान है। बगल में आटा चक्की भी चलती है। शाम लगभग पांच बजे दो बाइकों से छह युवक आए। बाइक सड़क के किनारे बाइक खड़ी कर सभी छोटे की दुकान में घुस गए। दुकान पर छोटे की पत्नी सविता बैठी थी। बदमाशों ने सबिता से अनायास ही बहस शुरु कर दी। शोर सुनकर उसका लड़का राजन दुकान में आया तो बदमाशों ने उसके पेट में चाकू मार दिया।
इसके बाद बचाव के लिए राजन के भाई सचिन और अनुज आटा चक्की में से आए तो बदमाशों ने उन्हें भी पेट में चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायलों और उसकी मां की चीख सुनकर आसपास के लोग आ गए। लोगों ने दो हमलावर को पकड़ लिया और उनकी जमकर धुनाई कर दी। इस बीच छोटे गुप्ता ने पुलिस को फोन कर घटना की सूचना दे दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पांचों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस के अनुसार दूसरे पक्ष के घायल सरायलखंसी थाना क्षेत्र के हथिनी गांव निवासी राम बिलास राजभर और दूसरा रूपेश राम है। इस मामले में पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर लिखे जाने की कवायद की जा रही थी। मौके पर सीओ आरपीएस यादव और थानाध्यक्ष रुपेश कुमार सिंह पहुंचकर जांच पड़ताल कर रहे थे। सीओ ने कहा कि दूसरे पक्ष के एक युवक को भी पीठ में चाकू लगा है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।