मऊ। शहर कोतवाली क्षेत्र के आजमगढ़ मोड़ पर सोमवार की शाम बदमाशों ने एक फर्म के कर्मचारी की बाइक की डिक्की तोड़कर अंदर रखा करीब तीन लाख रुपया उड़ा लिए। घटना के बाबत पीड़ित ने शहर कोतवाली में अज्ञात उचक्कों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दिया। सरायलंखसी थाना क्षेत्र के आदेडीह गांव निवासी रामप्रवेश यादव ने बताया कि सोमवार को वह फर्म के मालिक के खाते से रुपये निकालने के लिए शहर कोतवाली के सहादतपुरा स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के खाते से तीन लाख रुपया निकाला।
रुपये को बाइक की डिग्गी में रखकर वापस लौटने लगा। तभी उसे बाइक का पिछला पहिया पंचर दिखा। युवक पंचर ठीक कराने के लिए ब्रम्हस्थान मुहल्ले में रुका। वहां से युवक बैंक में छूटे हेलमेट लेने के लिए गया। इसके बाद बाइक को आजमगढ़ मोड़ पर खड़ाकर फर्म का बिल लेने के लिए एक स्टेशनरी की दुकान पर चला गया। स्टेशनरी के दुकान से वापस लौटने पर उसे बाइक की डिग्गी टूटी मिली। साथ ही अंदर रखा रुपया भी गायब था। पुलिस बूथ के पास से हुई उचक्कागिरी से पीड़ित अवाक हो गया। उसने बताया कि स्टेशनरी दुकान पर लगें सीसी टीवी कैमरे में रुपये की उचक्का गिरी करने वाले की फूटेज मौजूद है। तहरीर मिलने पर पुलिस मामले की जांच में जुटी थी।