रतनपुरा सीएचसी पर विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती के लिए व्यापारी नेता मोहन कुमार गुप्ता और क्षेत्र पंचायत सदस्य अरविंद कुमार ने भाजपा जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य को बुधवार को ज्ञापन सौंपा।
उन्होंने कहा कि तीन जनपदों की सीमा पर स्थित स्थानीय ब्लॉक मुख्यालय के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी है। विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती न होने से मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मरीजों को मजबूरन या तो प्राइवेट डॉक्टरों से इलाज कराना पड़ता है या फिर इलाज के लिए ब्लॉक मुख्यालय से 22 किमी दूर जिला मुख्यालय जाना पड़ता है। सबसे अधिक परेशानी महिला मरीजों को होती है।
सीएचसी पर एक्स-रे की सुविधा उपलब्ध है, लेकिन एक्स-रे टेक्नीशियन फिल्म न होने की बात कहता है। भाजपा जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य ने बताया कि बहुत जल्द ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर नए डॉक्टरों की तैनाती कराई जाएगी।