मऊ। सीएमओ कार्यालय में रविवार को एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें संक्रमण की तीसरी लहर के संभावना को देखते हुए उसके रोकथाम के उद्देश्य से निगरानियां समितियां को मेडिकल किट वितरण किया गया। यह वितरण घोसी विधायक विजय राजभर द्वारा किया गया। सीएमओ डॉ. सतीशचंद्र सिंह ने बताया कि संक्रमण की तीसरी लहर की संभावना को देखते हुए शून्य से 18 वर्ष तक के बच्चों की कुल चार कैटेगरी बनाई गई है।
पहली श्रेणी में शून्य से 12 माह, दूसरी में एक से पांच वर्ष, तीसरी श्रेणी छह से 12 वर्ष और चौथी 12 से 18 वर्ष तक के बच्चों की है। कैटगरी के अनुसार ही दवाईयां का किट बनाया गया है।इसके तहत पहली कैटगरी वाले बच्चों को पैरासिटामाल, मल्टी विटामिन और ओ आर एस का पैकेट दिया जाएगा। जबकि दूसरी कैटगरी में बच्चों को इसी दवा का टैबलेट दिया जाएगा।इसीक्रम में तीसरी कैटेगरी में इन दवाओं के साथ आइवर मेक्टिन जबकि चौथी कैटेगरी में बच्चों को पैरासिटामाल, एजिथ्रोमाईसीन, विटामिन डी 3, एस्कारिब एसिड और बी कांप्लेक्स दिया जाएगा। इससे पहले मेडिकल किट वितरित करते हुए घोसी विधायक विजय राजभर ने कहा कि संक्रमण के रोकथाम को लेकर सरकार निरंतर प्रयास में जुटी है। तीसरी लहर की संभावना को देखते हुए तैयारियां युद्धस्तर पर की जा रही है। इस दौरान , डॉ.वकील अली,डॉ.बीके यादव, डॉ. पदम जैन, वीएन राय, आजाद कुमार राय मौजूद थे।